{"_id":"46-16235","slug":"Moradabad-16235-46","type":"story","status":"publish","title_hn":"मंडल की रिपोर्ट देख बोल पड़े डीजीपी, मैं सब जानता हूं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडल की रिपोर्ट देख बोल पड़े डीजीपी, मैं सब जानता हूं
Moradabad
Updated Tue, 02 Oct 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। टेबिल पर रखी क्राइम रिपोर्ट के पन्ने पलट रहे थे डीजीपी। जिस जिले के आंकड़े पढ़े जाते वहीं के अफसर बेचैन। करीब पंद्रह मिनट तक क्राइम के आंकड़े पढ़ने के बाद डीजीपी बोले, देखिए इससे कुछ नहीं होता। जब मुकदमा ही नहीं लिखा जाएगा तो संख्या कहां से बढ़ेगी। थोड़े तल्ख तेवर करते हुए कहा, बंद कीजिए यह आंकड़ेबाजी। मैं सब जानता हूं। काम कीजिए। अगर कहीं रिपोर्ट दर्ज न होने की शिकायत मिली तो सीधे सस्पेंड कर दिए जाओगे।
जैसे ही प्रमुख सचिव गृह आरएम श्रीवास्तव और डीजीपी एसी शर्मा सर्किट हाउस के सभागार में पहुंचे तभी पुलिस अफसरों ने क्राइम के आंकड़ों की रिपोर्ट उनके समक्ष रख दी। अगर इस रिपोर्ट को देखेंगे तो पता चलेगा कि मंडल अपराध मुक्त है। कहीं कोई बड़ी वारदात नहीं हो रही है। डीजीपी ने पुलिस अफसरों से मुखातिब होते हुए कहा, लोगों से जुड़िए। आफिस में बैठने से ही काम नहीं चलेगा। पुलिस ड्यूटियों को चेक करो। लगना चाहिए कि अपराध कम हुए। आंकड़े कम करने से काम नहीं चलेगा। पुलिस मुखिया ने कहा कि वह अपने स्तर से भी जांच कराएंगे कि कितने मुकदमे दर्ज नहीं किए जा रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में उन्होंने यह काम शुरू भी करा दिया है। जल्द ही रिपोर्ट सामने होगी। इस रिपोर्ट के आधार पर ही झूठी वाहवाही लूटने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख सचिव गृह ने सभी को हिदायत दी कि अपराधों को खदेड़ दीजिए। जनता से ऐसा संबंध बनाइए जो कोई भी पीड़ित बिना हिचक थाने पर आ सके।
विज्ञापन