'कागज' की कहानी: दुनिया छोड़ चुके 130 हिस्ट्रीशीटर अभी भी जिंदा, मुरादाबाद पुलिस घर पहुंची तो हुआ गजब खुलासा
मुरादाबाद पुलिस ने लोकसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारी करनी शुरू कर दी है। पुलिस ने जब हिस्ट्रीशीटरों की तलाश की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि मर चुके 130 हिस्ट्रीशीटर पुलिस रिकॉर्ड में जिंदा हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद जिले में जान गंवाने वाले 130 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रिकार्ड में जिंदा मिले हैं। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी पुलिस ने हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया तो सच सामने आया है। अब पुलिस मृत हिस्ट्रीशीटरों की हिस्ट्रीशीट बंद कर रही है। लोकसभा चुनाव को लेकर जहां राजनीतिक पार्टियों ने प्रत्याशियों की तलाश शुरू कर दी है तो वहीं पुलिस प्रशासन भी चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की तैयारियों में जुट गया है।
मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। लाइसेंसी हथियारों का भी सत्यापन किया जा रहा है। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ पाबंदी की कार्रवाई जा रही है। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों का भी सत्यापन कराया गया है। जनपद में 750 हिस्ट्रीशीटर पुलिस के रिकार्ड में हैं।
एसएसपी के आदेश पर जनपद के सिविल लाइंस, मझोला, कटघर, कोतवाली, नागफनी, गलशहीद, मुगलपुरा, मूंढापांडे, भगतपुर, भोजपुर, डिलारी, ठाकुरद्वारा, कांठ, छजलैट, बिलारी, कुंदरकी, मैनाठेर और सोनकपुर थाने की पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया। पुलिस टीमें सत्यापन करने के लिए उनके घर पहुंचीं।
परिजनों और ग्रामीणों से भी उनके बारे में जानकारी जुटाई गई। हिस्ट्रीशीटरों का फीडबैक भी लिया गया। जिसमें सामने आया है कि 130 हिस्ट्रीशीटर की मौत हो चुकी है। हैरानी की बात है कि इनमें कोई एक साल पहले तो कोई दो साल पहले ही मर चुका है। बावजूद इसके पुलिस रिकॉर्ड में सभी जिंदा थे।
इसके अलावा 428 सक्रिय हिस्ट्रीशीटर मिले हैं। जबकि 105 ऐसे हिस्ट्रीशीटर भी मिले, जिन्होंने लंबे समय से कोई अपराध नहीं किया।
100 हिस्ट्रीशीटर कर चुके हैं अपराध से तौबा
पुलिस ने अभियान चलाकर हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन किया तो एक एक रोचक बात सामने आई। 100 हिस्ट्रीशीटर ऐसे मिले जिन्होंने अपराध छोड़ दिया है। वह कोई न कोई रोजगार कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से मांग भी की कि उन्होंने अपराध छोड़ दिया है। अब उनकी हिस्ट्रीशीट बंद की जाए। पुलिस कर्मियों ने उनके वीडियो बयान भी दर्ज किए हैं।
जनपद में विशेष अभियान चलाकर हिस्ट्रीशीटरों का सत्यापन कराया गया है। सत्यापन कराने पर पता चला कि 130 हिस्ट्रीशीटर की मौत हो चुकी है। अब उनकी हिस्ट्रीशीट बंद की जा रही है। सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी की जा रही है। - हेमराज मीना, एसएसपी