ट्रेन से 500-1000 के नोटों की बारिश, लोगों की मौज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी में गजरौला के दरियापुर बुजुर्ग गांव में रेलवे ट्रैक से गुजर रही दिल्ली-काठगोदाम शताब्दी एक्सप्रेस से 500 और 1000 के नोटों की बारिश हुई। ट्रैक के किनारे करीब डेढ़ किलोमीटर तक में ग्रामीणों को नोट मिले। शाम तक ग्रामीण ट्रैक के आसपास नोट ढूंढने में लगे रहे।
दिल्ली-मुरादाबाद डाउन रेलवे ट्रैक पर मंगलवार को नई दिल्ली-काठगोदाम शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के दरियापुर बुजुर्ग गांव के निकट पहुंचते ट्रेन के किसी डिब्बे से 500 और 1000 रुपये के नोट उड़ने लगे।
यह देख रेलवे फाटक संख्या 42 सी के निकट खेत में काम कर रहे 15-16 ग्रामीण ट्रेन के पीछे की ओर भागने लगे। ग्रामीणों ने उड़ कर गिरे नोट उठाने शुरू कर दिए।
ट्रेन से उड़े एक से डेढ़ लाख रुपए
दरियापुर बुजुर्ग गांव से लेकर महेशरा गांव के निकट करीब डेढ़ किलोमीटर तक ये नोट उड़ते रहे। बताया गया कि ग्रामीणों को एक से डेढ़ लाख रुपये मिले हैं। 500 और 1000 के नोट के साथ 100 रुपये के भी कुछ नोट उड़ कर गिरे थे।
फाटक के केबिनमैन दिलीप सैनी ने अफसरों को इसकी सूचना दी। सीओ के निर्देश पर गजरौला पुलिस ने मौके पर जाकर जानकारी ली।
सीओ निशांक शर्मा ने बताया कि इसकी सूचना आई थी। थाना गजरौला के एक उपनिरीक्षक को इस मामले की जानकारी के लिए नोट उड़ने वाली जगह जांच के लिए भेजा गया है।