मिर्जापुर। पीएम नरेंद्र मोदी ने कोविड संकट काल में देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 20 लाख करोड़ की धनराशि आवंटित की है। इसमें लघु एवं सीमांत उद्योग के साथ मनरेगा जैसी योजनाएं चलाई। इसमें गरीब श्रमिकों को काम देने की व्यवस्था की गई। यह बातें जिले के प्रभारी मंत्री दारासिंह चौहान ने शुक्रवार को अपनी वर्चुअल प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयास से जिले में तमाम प्रवासी मजदूर जिसमें 10 हजार अकुुशल व 16 हजार कुशल मजदूर जो दूसरे प्रदेशों से आए हैं, उनको मनरेगा सहित अन्य योजनाओं के तहत काम दिया गया। साथ ही कौशल विकास अभियान के तहत महिलाओं को भी सिलाई मशीन देकर रोजगार दिया गया। हमारी प्रदेश सरकार प्रति वर्ष करोड़ों मजदूरों को रोजगार देना चाहती है ताकि उनका पलायन रूके और वे प्रदेश में ही अपना कामकाज करें। दारा सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाकर उसे विश्वगुरु बनाना चाहते हैं। सेंफोर्ड स्कूल में आइसोलेशन वार्ड में दुर्व्यवस्था का शिकार हो रहे कोरोना मरीजों के मामले की तह तक जाने और आवश्यक कार्रवाई की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने की। रविशंकर पांडेय, ज्ञानप्रकाश दुबे, अमित सिंह आदि थे।