मिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़: दो शातिर चेन स्नेचर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली; महिला से चेन लूट का खुलासा
मिर्जापुर जिले में पुलिस ने बुजुर्ग महिला से चेन लूट का खुलासा किया। पुलिस ने दो चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया। दो तमंचे और कारतूस बरामद किए। आरोपी टीवीएस राइडर से वारदात करते थे।
विस्तार
मिर्जापुर में कटरा कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद दो शातिर चेन स्नेचरों को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। दोनों के कब्जे से दो तमंचे, तीन जिंदा व एक खोखा कारतूस व लूटी गई पीली धातु की चेन बरामद हुई है। वारदात में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक भी ने कब्जे में ले ली।
एएसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि कटरा कोतवाली पुलिस टीम बृहस्पतिवार को जान्हवी तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीवीएस राइडर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। दोनों बाइक रोकने के बजाय तेज गति से दूधनाथ तिराहा होते हुए नटवा की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी की तो आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह बाइक से गिर गया। वहीं दूसरा आरोपी पैदल भागने लगा, जिसे पुलिस टीम ने घेरकर पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें; काशी में गंगा का रौद्र रूप: जलस्तर में बढ़ोतरी शुरू, 12 घंटे में आठ सेंटीमीटर बढ़ा; चिंता में लोग
घायल आरोपी की पहचान सद्दाम उर्फ लखेन्दर (34) निवासी खुटहनियां, थाना कर्मा, सोनभद्र के रूप में हुई। उसके कब्जे से तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा और पैंट की जेब से पीली धातु की चेन बरामद हुई। दूसरे आरोपी फिरोज आलम (30) निवासी घोसिया, थाना औराई, भदोही के पास से तमंचा और दो कारतूस मिले।
घायल सद्दाम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि एक सितंबर को नटवा तिराहे के पास टीवीएस राइडर बाइक से एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन छीनकर फरार हुए थे। बरामद चेन उसी वारदात से संबंधित है। आरोपियों ने चेन के कुछ हिस्से अपने पास होने की बात स्वीकार की है।
पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार सद्दाम उर्फ लखेन्दर के खिलाफ मीरजापुर के मड़िहान थाने में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2017 चोरी की प्राथमिकी दर्ज है।