बच्ची से दरिंदगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार: मिर्जापुर में हत्या के बाद घर के पास फेंका था शव, पंतग देने के बहाने वारदात को दिया अंजाम
मिर्जापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र की बालिका की दरिंदगी के बाद हत्या करने के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को मंगलवार की सुबह शुक्लहा रोड पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सिंह व एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने यह जानकारी दी। नौ वर्षीय बालिका घर के पास गली में खेलते समय शाम को चार बजे लापता हो गई थी। रात में बालिका का शव घर के पास ही मिला था।
पुलिस ने इस मामले में हत्या, सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो व अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। एएसपी सिटी, सीओ सिटी प्रभात राय के निर्देशन में कटरा कोतवाली पुलिस जांच में जुटी थी। बालिका के साथ खेलने वाले बच्चों से पूछताछ के बाद पुलिस ने संदिग्धों को उठाकर पूछताछ की। इसके बाद इस मामले से पर्दा उठा।
एसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष राम नरायन राम ने शुक्लहा के पास से वारदात में शामिल अमन यादव (19) और ठाकुर प्रजापति (45) को गिरफ्तार कर लिया। अमन यादव ने बताया कि शाम चार बजे ठाकुर प्रजापति उसके घर पर था। बालिका बच्चों के साथ खेल रही थी।
उसने उसे पतंग देने के बहाने बुलाया था। फिर बालिका के साथ दरिंदगी की गई। बालिका के शोर मचाने पर उसका मुंह दबाकर रस्सी से गला घोंट दिया। एसपी ने बताया कि बालिका का गला और मुंह दबाकर मारने के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। पुलिस ने आरोपी के घर से बालिका की चप्पल, पायल, रस्सी और मोबाइल फोन बरामद किया है।
एनएसए की होगी कार्रवाई
मिर्जापुर के अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। इनके खिलाफ एनएसए की भी कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार दोनों आरोपियों की डीएनए जांच कराई जाएगी।