मिर्जापुर। कोविड- 19 के कारण अनाथ हुए बच्चों की शिक्षा और दीक्षा में कोई बाधा नहीं आने दी जायेगी । इसके लिए प्रयागराज की स्वैच्छिक संस्था श्रीसुमंगलम आगे आई है। वह बच्चों की पढ़ाई, कपड़ा, आवास एवं भोजन का खर्च खुद वहन करेगी।
सुमंगलम परिवार संस्था के सदस्य तथा भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज श्रीवास्तव ने कहा कि आपदा ने कई परिवार को तोड़ कर रख दिया है। कई परिवार का सहारा छिन गया। ऐसे में अनाथ और बेसहारा लोगों के लिए संस्था करीब छह वर्षो से फुलवारी नामक आवासीय विद्यालय का संचालन कर रही है। जिसमें अनाथ और बेसहारा बच्चों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ कर उन्हें शिक्षित करने का बीड़ा उठाया गया है। पारिवारिक माहौल में उनकी परवरिश करते हुए उन्हें सभ्य नागरिक बनाने की दिशा में संस्था निरंतर अग्रसर है। कहा कि संस्था की ओर से समाज में बेहतर प्रदर्शन और ज्ञानार्जन की शिक्षा देने के साथ ही खेलकूद के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की गई है। बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए उन्हें उचित माहौल देकर उन्हें प्रगति पथ पर ले जाने के लिए संस्था काम कर रही हैं। उन्होंने कोरोना महामारी से प्रभावित बच्चों की मदद करने के लिए उनकी जानकारी मांगी ताकि जरूरत मंद लोगों को सचमुच राहत देकर उनके भविष्य को संवारा जा सके।