Vindhyachal: दुकान के सामने गाड़ी खड़ी की लेकिन नहीं लिया प्रसाद, दुकानदारों ने दर्शनार्थियों को पीटा
विंध्याचल के त्रिकोण परिक्रमा पथ पर स्थित कालीखोह पहाड़ी के पास रविवार सुबह दुकान के सामने गाड़ी खड़ी करने के विवाद में दर्शनार्थियों के साथ दुकानदारों ने मारपीट की। घटना में चार श्रद्धालु घायल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिर्जापुर के विंध्याचल में दर्शन-पूजन के लिए आए एक यात्री परिवार का प्रसाद न लेने पर दुकानदारों से विवाद हो गया। दुकानदारों ने चार पहिया वाहन हटवाने की बात कहते हुए दर्शनार्थियों पर हमला बोल दिया। मारपीट की इस घटना में चार श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना त्रिकोण परिक्रमा पथ पर स्थित काली खोह पहाड़ी के पास रविवार सुबह घटी।
बिहार के सासाराम के गढ़नोखा गांव निवासी एक परिवार के 10 लोग रविवार सुबह चार पहिया वाहन से विंध्याचल मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन करने पहुंचे। यहां दर्शन-पूजन के बाद कालीखोह पहाड़ी पर स्थित महाकाली के दर्शन के लिए वाहन स्टैंड पर शुल्क देने के बाद गाड़ी लेकर मंदिर के पास पहुंचे।
दुकानदार ने कहा- प्रसाद लो नहीं तो गाड़ी हटाओ
एक दुकानदार ने अपनी दुकान के सामने गाड़ी खड़ा करा दी और अपने यहां से प्रसाद लेने के लिए कहा। कार सवार लोगों ने प्रसाद नहीं लिया तो दुकानदार ने गाड़ी हटाने के लिए कहा। इस पर कार सवार लोगों ने कहा कि वाहन स्टैंड पर शुल्क देने के बाद गाड़ी खड़ा किए हैं। दुकानदार ने पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने की बात कही। इस बात को लेकर विवाद हो गया।
ये भी पढ़ें: हेरोइन तस्कर सरफराज अंसारी का ढाई करोड़ का मकान कुर्क, नशे के सौदागरों में मची खलबली
जिसके बाद दुकानदार एकजुट होकर लाठी-डंडे से कार सवार दर्शनार्थियों की पिटाई करने लगे। मारपीट की इस घटना में अमित कुमार (28), रामू कुमार (29), सोनू कुमार (28) व बबलू (30) समेत चार लोग घायल हो गए। इनमें से एक के सिर में चोट लगी। मारपीट की सूचना श्रद्धालुओं ने पीआरवी-112 को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया।
इसके बाद श्रद्धालुओं की ओर से विंध्याचल पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। थाना प्रभारी अतुल राय ने बताया कि श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की घटना जानकारी मिली है। प्रसाद लेने को लेकर विवाद हुआ था। श्रद्धालुओं की तहरीर पर दो दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
शराब के नशे में दुकानदार पर किया जानलेवा हमला
विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत भैरव कुंड के पास शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत बिहार और चित्रकुट निवासी दो व्यक्तियों ने बवाल मचाया। प्रसाद की दुकान पर पानी मांगने के विवाद में लाइसेंसी रायफल से दुकानदार के ऊपर ताबड़तोड़ फायर किए। संयोग रहा कि दुकानदार बाल-बाल बचा। गोलियों की तड़तड़ाहट से मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक सफारी वाहन व लाइसेंसी राइफल जब्त कर कारतूस बरामद किया।
रविवार दोपहर पुलिस लाइन में एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने मामले की जानकारी दी। सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि लाइसेंसी राइफल सुरेंद्र सिंह की है। वह क्षेत्र के मंगल सिंह के यहां गार्ड की नौकरी के लिए आया था। जहां वह रमाशंकर राय से मिला और भैरव कुंड के पास गए। वहां पर शराब पीने के बाद दुकानदार से पानी मांगा। पानी मांगने के विवाद में आक्रोश में आकर फायर किया। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
दुकानदार की पिटाई करने के आरोपी ऑटो चालक समेत छह गिरफ्तार
कटरा कोतवाली क्षेत्र के बथुआ सेप्टन मिल के पास शुक्रवार शाम एक दुकान में घुस कर तोड़फोड़ करने के साथ ही दुकानदार की पिटाई करने के छह आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को बाद में पुलिस ने जेल भेज दिया। एएसपी नक्सल ओपी सिंह ने रविवार को बताया कि बथुआ सेप्टन मिल के पास शिव कुमार जायसवाल उर्फ अन्नू (30) की कास्मेटिक और गिफ्ट आइटम की दुकान है। शुक्रवार शाम करीब सात बजे एक ऑटो चालक ने दुकान के सामने गाड़ी खड़ी की। आरोप है कि दुकानदार शिव कुमार ने मना किया तो चालक ने विवाद कर लिया।
थोड़ी देर बाद ऑटो चालक कई लोगों को लेकर आया और दुकान में घुसकर उनकी पिटाई करने लगा। इस दौरान हमलावरों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की। मारपीट में घायल दुकानदार को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई। शिवकुमार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि सीओ सिटी परमानंद कुशवाहा के नेतृत्व में कटरा कोतवाली और एसओजी की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई। रविवार को पुलिस ने मारपीट के मामले में सभी छह आरोपियों अजय सोनकर निवासी काजी तालाब, अनिल सोनकर, छोटू सोनकर निवासी बैरहवा, सोनू यादव निवासी ककरहवा नई बस्ती, विकास सोनकर निवासी काजी तालाब, राहुल सोनकर निवासी शीतला मंदिर बथुआ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।