डायरिया का प्रकोप: मिर्जापुर में 8वीं की छात्रा की मौत, 16 बच्चे अस्पताल में भर्ती, गांव पहुंची टीम
गर्मी बढ़ने के साथ ही डायरिया कहर बरपाने लगा है। मिर्जापुर जिले के सुवांव राजा गांव में डायरिया की चपेट में आने से आठवीं की छात्रा की मौत हो गई। वहीं 16 बच्चे बीमार पड़ गए।
विस्तार
गर्मी बढ़ने के साथ ही डायरिया कहर बरपाने लगा है। यूपी के मिर्जापुर जिले के सुवांव राजा गांव में डायरिया की चपेट में आने से आठवीं की छात्रा की मौत हो गई। वहीं 16 बच्चे बीमार पड़ गए। सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पर किया जा रहा है। सूचना पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सिंघल और एसडीएम विजय नारायण सिंह चिकित्सकों की टीम के साथ रविवार को सुवांव राजा गांव पहुंचे। पीड़ित परिवार समेत पूरे गांव में दवा का छिड़काव के साथ ही सावधानी बरतने की सलाद ही। एसडीएम ने मृत छात्रा के परिजन को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता के लिए संस्तुति की है।
सुवांव राजा गांव निवासी रामनारायण की पुत्री मनीषा आठवीं कक्षा में पढती थी। शनिवार को खेत से घर आने के बाद पानी पी ली। जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने की जगह गांव में ही झोलाछाप चिकित्सक के पास ले गए। दवा खाने के बाद भी आराम नहीं मिला और उसकी हालक बिगड़ती चली गई। रविवार सुबह मनीषा की मौत हो गई।
गांव में कई और बच्चे बीमार हो गए। पूर्व प्रधान भगवान दास ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जानकारी दी कि गांव में डायरिया फैला है। सूचना मिलने के बाद चिकित्साधिकारी दल बल के साथ गांव में पहुंचे और डायरिया के चपेट में आए बच्चों के उपचार में जुट गए। डायरिया से बीमार लालती पुत्री लल्लू , धीरेंद्र कुमार (10) ,आदर्श कुमार (12) , निखिल (13) ,कल्लू (10),आनंद (15),अंजली (12) का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर किया जा रहा है।