लालगंज थाना क्षेत्र के रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर बरौंधा बेलन नहर पुल की रेलिंग से बृहस्पतिवार की देर रात बरातियों से भरी एक बोलेरो टकरा गई। बोलेरो रेलिंग में फंस गई। स्थानीय लोगों ने सभी को बोलेरो से बाहर निकाला। हादसे में गाड़ी में सवार सुनील कुमार पाल की मौके पर ही मौत हो गई। छह लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
सुनील के चाचा बृजेश कुमार पाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के इंद्रवार गांव निवासी रिश्तेदार लक्ष्मण पाल के बेटे बृजेश पाल की बरात लालगंज के लखनिया गांव में गई थी। शादी समारोह में शामिल होने के बाद देर रात सभी लोग बोलेरो से घर लौट रहे थे। रास्ते में बेलन नहर पुल की रेलिंग में बोलेरो टकरा गई। हादसे में भतीजा सुनील कुमार पाल (15), गांव के अश्विनी पाल (16) पवन पाल (12), जीतबहादुर पाल (13), गोलू पाल (08), गढवा घोरावल निवासी अंजनी पाल (06), पवांरी कला निवासी लीलम पाल (14) घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष लालगंज अभय कुमार सिंह व उप निरीक्षक सीता राम ने सभी घायलों को सीएचसी लालगंज भिजवाया। जहां चिकित्सक ने सुनील कुमार पाल को मृत घोषित कर दिया। घायल बरातियों मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार पाल की मौत हो गई है। रेलिंग में फंसी बोलेरो को हटवा दिया गया है।