जिगना। विंध्याचल थाना क्षेत्र के अतरैला गांव में मंगलवार की दोपहर कर्णावती नदी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। कर्णावती नदी में ही भटेवरा के पास डूबने से एक किशोर लापता हो गया है। जबकि दो को लोगों ने बचा लिया।
मंगलवार को दोपहर में मिर्जापुर के चौबे घाट निवासी उत्कर्ष मौर्या (15), दीपक (14), शौर्य (15), प्रीतम (16), आयुष (15) सहित सात युवक भटेवरा विजयपुर मार्ग से छोटी महरानी डेरवा पहुंचे। कर्णावती नदी भटेवरा में बने चेक डैम में उत्कर्ष, दीपक व शौर्य छलांग लगाकर नहाने लगे। नहाते समय तीनों डूबने लगे। दीपक व शौर्य को तो बचा लिया गया लेकिन उत्कर्ष लापता हो गया। गैपुरा पुलिस खोज रही है।
दूसरी घटना क्षेत्र के अतरैला गांव की है। घर से 200 मीटर दूर मंजीत बिंद (18) मछली पकड़ने कर्णावती नदी में गया था। मंजीत बिंद फिसल कर कर्णावती नदी के गहरे पानी में चला गया। गांव के लोगों ने नदी में कूदकर मंजीत को बाहर निकाला। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विजयपुर सर्रोई ले गए। जहां डॉ. रत्नाकर मिश्र ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि लापता उत्कर्ष की तलाश हो रही है।