मिर्जापुर: शाइन सिटी धोखाधड़ी मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, हाईकोर्ट के आदेश पर की जा रही है कार्रवाई
मिर्जापुर जिले में भी 2020 में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर निवासी सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
विस्तार
शाइन सिटी धोखाधड़ी मामले में मिर्जापुर जिले में दर्ज मुकदमे में शुक्रवार को शहर कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेश के बाद की गई है। आरोपी को आर्थिक अपराध शाखा लखनऊ की टीम ले जाएगी। लोगों को प्रापर्टी दिलाने के साथ उपहार देने का प्रलोभन देकर धन जमा कराने के बाद गबन करने के मामले में शाइन सिटी के खिलाफ प्रदेश भर में 282 मुकदमे दर्ज हुए। इसमें लखनऊ, वाराणसी, मिर्जापुर में भी मुकदमे दर्ज हुए।
कई आरोपी पकड़े गए पर लोगों का धन वापस नहीं मिला। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा। हाईकोर्ट ने मामले में कार्रवाई की प्रगति के लिए डीजीपी को तलब कर लिया। डीजीपी के निर्देश पर प्रदेश भर में शाइन सिटी मामले में दर्ज हुए मुकदमे में कार्रवाई का निर्देश दिया गया। मिर्जापुर जिले में भी 2020 में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। शहर कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर निवासी सुरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोप था कि शाइन सिटी में जमीन दिलाने का कागजात दिखाकर 45 लाख 80 हजार रुपये जमा कराने के बाद गबन कर लिया गया। रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। शुक्रवार को शहर कोतवाल अरुण कुमार दुबे ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पेेशे से अधिवक्ता है।
शाइन सिटी मामले में प्रदेश भर में 282 मुकदमे दर्ज हैं। मिर्जापुर के शहर कोतवाली में मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। हाईकोर्ट के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। - संजय कुमार वर्मा, एएसपी सिटी।