मिर्जापुर नाव हादसा: गंगा में लापता लोगों के न मिलने पर परिजनों का फूटा गुस्सा, थाने पर प्रदर्शन, कहा- अधिकारी भी नहीं ले रहे सुध
विंध्याचल कोतवाली क्षेत्र के अखाड़ा घाट पर 8 अगस्त की दोपहर गंगा पार स्नान कर लौटने के दौरान नाव पलट गई थी। जिसमें 14 लोग सवार थे। नाविक समेत आठ लोग बचा लिए गए, लेकिन परिवार के छह लोग लापता हो गए थे। गुरुवार को एक बच्चे का शव मिल गया था।
विस्तार
विंध्याचल थाना क्षेत्र के अखाड़ा घाट पर तीन दिन पूर्व हुए नाव हादसे में लापता छह में से पांच लोगों का अब तक पता नहीं चलने पर शनिवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रशासन व पुलिस पर असहयोग करने का आरोप लगाते हुए घाट पर विरोध जताया। बाद में विंध्याचल कोतवाली पहुंच कर प्रदर्शन किया।
धरने पर बैठने की चेतावनी दी। परिजनों ने गंगा किनारे शव तलाशी अभियान में हिला हवाली का आरोप लगाने के साथ ही पानी व अन्य प्रकार की व्यवस्था न किए जाने की भी शिकायत की। परिजनों की शिकायत सुनने के बाद अधिकारियों ने उनकी बातों को अमल में लाने का आश्वासन देकर पुन: घाट पर भेजा।
झारखंड के जमशेदपुर, रांची व बिहार के बक्सर से आए एक ही परिवार के 12 सदस्य बुधवार को नाव से विंध्याचल के अखाड़ा घाट से गंगा पार गए थे। वहां स्नान करने के बाद वापस आ रहे थे। तेज हवा व बारिश में नाव गंगा में पलट गई। इसमें नाविक, फोटोग्राफर सहित आठ लोग तो बच गए, पर परिवार के छह सदस्य लापता हो गए। एक बालक का शव अगले दिन बृहस्पतिवार को फतहा घाट पर उतराया मिला। उसके बाद से एनडीआरएफ की टीम तलाश में किसी का पता नहीं लगा सकी।
तलाशी अभियान में हीलाहवाली का आरोप
घटना के बाद परिवार के काफी सदस्य विंध्याचल पहुंचे हैं। आरोप है कि तलाशी अभियान में हीलाहवाली दिख रही है। इसपर परिजनों का गुस्सा शनिवार की दोपहर फूट पड़ा। आक्रोशित परिजन थाने पहुंचकर प्रदर्शन कर धरने पर बैठने की चेतावनी देने लगे। शिकायत पर पहुंचे कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र, एएसपी सिटी संजय कुमार वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने परिजनों को समझा कर आश्वासन दिया। तब जाकर परिजन माने।
तीन महिलाएं व दो बच्चे अब भी लापता हैं। परिजनों का आरोप है कि सर्च टीम लापरवाही कर रही है, थाने से कोई सहयोग नही मिल रहा। फोन तक नहीं उठाते। कहा कि एक बार भी कोई अधिकारी उनसे बात करने नहीं आ रहा।
इस पर कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि आज से युद्ध स्तर पर एनडीआरएफ़ की टीम खोज करेगी। इसके बाद एएसपी सिटी, नगर मजिस्ट्रेट अखाड़ा घाट पहुंचे जहां एनडीआरएफ़ के अधिकारी को बुला कर स्थिति से रूबरू हुए और युद्ध स्तर पर खोज करने का निर्देश दिया।
बीच गंगा में परिजन की तबीयत बिगड़ी
नौका दुर्घटना में लापता लोगों की तलाश में जुटी एनडीआरएफ टीम के साथ गए डूबी महिला के भाई मुन्ना तिवारी की शनिवार की दोपहर तबीयत खराब हो गई। इसके बाद एनडीआरएफ़ बोट को अखाड़ा घाट लाई, जहां मुन्ना तिवारी को घाट पर रखी चौकी पर लिटाया गया। मौके पर मौजूद नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने तत्काल ग्लूकोज , फल, पानी इत्यादि का प्रबंध कराया।
एनडीआरएफ कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग
नौका दुर्घटना में डूबे लोगों की तलाश को और प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए एनडीआरएफ कर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की गई है। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदेश मुख्यालय से संपर्क कर अतिरिक्त कर्मियों की मांग की है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही एनडीआरएफ कर्मियों की संख्या बढ़ जाएगी।
खोजबीन के लिए बुलाई गई दो और टीमें
विंध्याचल के अखाड़ा घाट गंगा नदी में नाव पलटने से लापता पांच लोगों की खोजबीन में एनडीआरएफ वाराणसी और पीएसी फ्लड की टीम लगी है। खोजबीन में तेजी लाने के लिए दो अन्य टीमों को बुलाया गया है।
एससपी सिटी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रयागराज से जल पुलिस की एक टीम बुलाया गया है। जो कड़े दिन के नेतृत्व में खोजबीन करेगी। इसमें पांच लोग रहेंगे। इसके अलावा लखनऊ से एक एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। कमांडेंट संदीप 12 सदस्यीय टीम भेजेंगे।