मिर्जापुर। लालडिग्गी स्थित एक विद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मिर्जापुर की ओर से राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवा-व्यवसायी सम्मेलन- 2026 का आयोजन हुआ। वक्ताओं ने कहा कि 2047 तक हिंदुस्तान को बलशाली, समृद्ध, सक्षम और सामर्थ्यशाली राष्ट्र बनाना है। मुख्य वक्ता आरएसएस के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 तक हिंदुस्तान को बलशाली, समृद्ध, सक्षम और सामर्थ्यशाली राष्ट्र बनाना है। इसकी जिम्मेदारी जिस ओर जवानी चलती है उस ओर जमाना चलता है, को चरितार्थ कर रहे राष्ट्र के युवाओं की है और इसके लिए युवाओं सहित समस्त नागरिकों को राष्ट्र प्रथम का भाव रखना होगा। यदि देश का हर व्यक्ति, जो जिस भी क्षेत्र मे है उस क्षेत्र में उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको का भाव आत्मसात करेगा तो हम विश्व के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्र बनेंगे। कहाकि यह वर्ष स्वाधीनता आन्दोलन के ‘’वंदे मातरम’’ का 150 वां वर्ष, धर्म रक्षार्थ बलिदान देने वाले गुरु तेगबहादुर का 350 वां वर्ष और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष भी है। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ नरेंद्र ठाकुर, प्रांत संघचालक अंगराज सिंह, कार्यक्रम अध्यक्ष त्रिवेणी अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष पुष्पार्चन किया।वं भारत माता, डाॅ हेडगेवार एवं गुरु जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन करके किया। सह जिला कार्यवाह नीरज द्विवेदी ने प्रस्तावना प्रस्तुत कर 100 वर्ष की संघ यात्रा, पंच परिवर्तन आदि की जानकारी दी।
मंच परिचय नगर कार्यवाह लखन अग्रवाल ने कराया। जिला पर्यावरण प्रमुख संजय सेठ ने एकल गीत मेरी मातृभूमि मंदिर है प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभाग प्रचारक कौशल किशोर, विभाग कार्यवाह सच्चिदानंद, सह विभाग संपर्क प्रमुख चंद्रमोहन, विभाग धर्म जागरण संयोजक वीरेंद्र मौर्य, जिला प्रचारक रजत प्रताप सहित बड़ी संख्या मे नगर के युवा व व्यवसायी उपस्थित रहे। अध्यक्षता त्रिवेणी अग्रवाल व संचालन विवेक त्रिपाठी ने किया।