मिर्जापुर। सिटी विकास खंड के दुबरा पहाड़ी स्थित हर्रई क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से एक के बाद एक तीन कच्चे घर जल गए। आग बुझाने के चक्कर में एक व्यक्ति झुलस गया। उसे एंबुलेंस से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आग लगने से तीनों घरों में रखे राशन और गृहस्थी के बाकी सामान जलकर राख हो गए।
हर्रई निवासी लल्लू बिंद का परिवार खेत में काम कर रहा था। इसी बीच संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी झोपड़ी में आग लग गई। घर से धुंआ निकलते देख घर के बाहर बैठे बच्चे शोर मचाने लगे। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना पर खेत में काम कर रहे लल्लू घर के अंदर सामान बाहर निकालने के लिए घुस गए। इस बीच आग की चपेट में आने से वे झुलस गए। आग की सूचना फायर ब्रिगेड को देने के साथ ही ग्राम प्रधान जयशंकर बिंद, ग्राम प्रधान टांड़ मालिका प्रसाद बिंद के अलावा ग्राम विकास अधिकारी राजाराम निर्मल भी मौके पर पहुंच गए। झुलसे व्यक्ति को एंबुलेंस से उपचार के लिए भेजने के साथ ही सबमर्सिबल चला कर जब तक लोग आग पर काबू करते, एक के बाद संगीता पत्नी स्व. पप्पू तथा गुड्डू पुत्र राजमनि बिंद के घर भी आग की चपेट में आकर जल गए। आग से घर में रखे टीवी, पंखा, साइकिल, राशन, बिस्तर सहित गृहस्थी के बाकी सामान जलकर नष्ट हो गए। ग्राम विकास अधिकारी राजाराम निर्मल ने बताया कि आग की घटना की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल को दे दी गई है।