दांवपेंच देखकर दर्शक रोमांचित: मिर्जापुर में चीनी पहलवान ने जीती सवा लाख की कुश्ती, दिल्ली के मोंटी को पटका
मिर्जापुर के महुवरिया स्थित बीएलजे कॉलेज के मैदान में रविवार को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। देश के विभिन्न राज्यों से पहलवान दंगल लड़ने आए थे। सबसे बड़ी कुश्ती मिर्जापुर के चीनी पहलवान और दिल्ली के मोंटी के बीच हुई।
विस्तार
मिर्जापुर के महुवरिया स्थित बीएलजे कॉलेज के मैदान में रविवार को कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें सबसे बड़ी कुश्ती मिर्जापुर के चीनी पहलवान और दिल्ली के मोंटी के बीच हुई। इस सवा लाख रुपये की इनामी कुश्ती में चीनी पहलवान ने मोंटी को पटखनी दी। इसके अलावा 31 हजार के इनामी कुश्ती में नेपाल के लकी थापा ने राजस्थान के गंगानगर के नरेश पहलवान को पटखनी दी।
रविवार को दोपहर में कुश्ती दंगल शाम तक चली। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से पहलवान दंगल लड़ने आए थे। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मनोज जायसवाल और कार्यक्रम अध्यक्ष अभिनव कुशवाहा ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर किया।
दंगल में नेपाल, दिल्ली, हरियाणा, अयोध्या, वाराणसी, कन्नौज से पहलवान आए थे। पहली कुश्ती जावेद गनी जम्मू कश्मीर और जगदीश पहलवान सहारनपुर के बीच हुई। कुल 21 हजार रुपये के इनाम वाली कुश्ती शुरू होने से पहले जावेद गनी ने जीत का दावा कर दिया था। जावेद गनी ने कुछ ही देर में जगदीश पहलवान को चित कर दिया। जावेद के दांव को देखकर दर्शक रोमांचित हो गए।
दर्शकों ने जावेद की कुश्ती को खूब सराहा। अंत में जब कुश्ती दंगल समाप्त होने को था तो दर्शकों की मांग पर जावेद गनी और सवा लाख की कुश्ती जितने वाले चीनी पहलवान के बीच कुश्ती हुई। जो पूरे दंगल की सबसे रोमांचक कुश्ती रही। अंतत: मुकाबला बराबरी पर छूटा।
महिला पहलवानों में शहजार, ज्योति, रेनू ने भी दांव आजमाए। सवा लाख रुपये की इनाम राशि अभिनव कुशवाहा ने दी। इस अवसर पर मनोज, महेश, पंकज, विजय गुप्ता, लवकुश यादव, मनीष सिंह, मंटू यादव आदि मौजूद रहे।