मिर्जापुर पुलिस की पहल: क्यूआर कोड स्कैन कर एग्जाम सेंटर पहुंच सकेंगे पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थी
यूपी पुलिस की सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। मिर्जापुर जिले की पुलिस ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों का क्यूआर कोड जारी किया है।
विस्तार
दूसरे प्रांतों से पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए आने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र तक पहुंचने के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए मिर्जापुर पुलिस ने पहल करते हुए सभी 14 केंद्रों का क्यूआर कोड जारी किया है। इस क्यूआर कोड को स्कैन कर अभ्यर्थी परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्र तक आसानी से पहुंच सकता है।
बीते शुक्रवार को पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू हुई है। पांच दिन होने वाली इस परीक्षा में 10 पालियों में काफी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इसमें भी एक पाली में 5472 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। एक दिन की परीक्षा में लगभग 10 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिले में भदोही, सोनभद्र, प्रयागराज, चंदौली और वाराणसी के अभ्यर्थी निर्धारित 14 केंद्रों में आयोजित परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। उधर, दूसरे राज्यों से परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशान होना पड़ रहा है। उनकी सुविधा के लिए पुलिस विभाग की तरफ से सभी केंद्रों का क्यूआर कोड जारी किया गया है।
यातायात प्रभारी विपिन पांडेय ने बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए सभी 14 केंद्रों का क्यूआर कोड जारी किया गया है। उसे स्कैन कर अभ्यर्थी निर्धारित केंद्र तक पहुंच सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना है कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए 14 केंद्रों का क्यूआर कोड जारी किया गया है। जिसे स्कैन कर अभ्यर्थी निर्धारित केंद्र तक पहुंच सकते हैं।