विंध्याचल: कोतवाल के फोन न उठाने पर धरने पर बैठे भाजपा नेता , छह घंटे तक चला वाद-विवाद
मिर्जापुर के विंध्याचल थाना में सोमवार रात कोतवाल पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा कर भाजपा नेता धरने पर बैठ गई। कई घंटे तक चले वाद-विवाद के बाद भाजपा नेता का धरना खत्म हुआ।
विस्तार
फोन न उठाने की शिकायत लेकर विंध्याचल कोतवाली पहुंचे भाजपा नेता के साथ कोतवाल का विवाद हो गया। जिसके बाद भाजपा नेता कोतवाल पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए समर्थकों के साथ थाना परिसर में धरने पर बैठ गए। सूचना के बाद जिले के कई वरिष्ठ भाजपा नेता थाने पर पहुंच गए। छह घंटे थाने में भाजपा नेता और पुलिस के बीच वाद-विवाद चलता रहा। देर रात मिर्जापुर एएसपी सिटी संजय वर्मा के आश्वासन पर भाजपा नेता माने और धरना समाप्त किया।
भाजपा के नगर अध्यक्ष पश्चिमी अभय मिश्रा विंध्याचल कोतवाल द्वारा फोन न उठाने की शिकायत लेकर विंध्याचल कोतवाली पहुंचे थे। वहां पर कोतवाल से कहासुनी हुई। जिसके बाद अभय मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली में धरने पर बैठ गए। अभय ने बताया कि 18 अक्तूबर को विंध्याचल कोतवाल शैलेश कुमार राय को आठ बार फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
पढ़ेंः अपना दल (एस) के सांसद ने हाथ जोड़कर जनता से मांगी माफी, अनुप्रिया पटेल ने दी थी हिदायत
'जो करना है कर लो'
फोन न उठाने पर कोतवली आया। इसके 45 मिनट बाद वो आए। आने के बाद बदसलूकी की। कहा कि जो करना है कर लो। इसके बाद भाजपा नेता धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी मिलने पर अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। मान मनौवल हुआ, पर वे धरने से नहीं हटे।
देर रात को भाजपा कार्यसमिति सदस्य मनोज श्रीवास्तव, सोहन, श्याम सुंदर केशरी, संजय यादव, रविशंकर साहू मौके पर पहुंचे। मनोज श्रीवास्तव ने कोतवाल के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उच्च पदाधिकारियों से शिकायत की चेतावनी दी। मामला बढ़ता देख एएसपी और सीओ सिटी प्रभात राय मौके पर पहुंचे। एएसपी सिटी ने मामले को सुनने के बाद 24 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।