बिगड़े बोल पर माफीनामा: अपना दल (एस) के सांसद ने हाथ जोड़कर जनता से मांगी माफी, अनुप्रिया पटेल ने दी थी हिदायत
रॉबर्ट्सगंज से अपना दल (एस) सांसद पकौड़ी लाल कोल के विवादित बयान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर हंगामा मचा तो पकौड़ी लाल कोल ने अपने अमर्यादित बयान के लिए जनता से माफी मांगी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अपना दल (एस) सांसद पकौड़ी लाल कोल के विवादित बयान का वीडियो वायरल होने के बाद सियासी जगत में बवाल मच गया। वीडियो में सांसद पकौड़ी लाल कोल सवर्णों को मंच से अपशब्द कहते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सांसद को निर्देशित किया कि सांसद तत्काल जनता से माफी मांगें, जिसके बाद सांसद पकौड़ी लाल कोल ने माफी मांग ली है।
सांसद ने वीडियो जारी कर कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कल से उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। इससे ब्राह्मण व क्षत्रिय भाइयों की भावना को ठेस पहुंची है। आगे कहा कि वे भी इससे आहत हैं। कहा की वे आज जो कुछ भी हैं सर्वसमाज के आशीर्वाद से हैं। सांसद ने अंत में कहा कि उनसे जाने अनजाने में गलती या त्रुटि हुई हो तो वे इसके लिए हाथ जोड़ कर क्षमा मांगते हैं।
ये है पूरा मामला
रॉबर्ट्सगंज से अपना दल (एस) सांसद पकौड़ी लाल कोल का एक वीडियो सोमवार से वायरल है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि अपना दल (एस) के सांसद सवर्णों को लेकर अमर्यादित टिप्पणी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम पकौड़ी लाल कोल मिर्जापुर के बबूरा स्थित इटंर कॉलेज में अपने समाज की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
वो अपने पुत्र और छानबे विधायक राहुल प्रकाश के लिए जनता से वोट मांगने पहुंचे थे। इस दौरान हालिया संपन्न प्रधान चुनाव का जिक्र करते हुए वो भाषा के निम्न स्तर पर चले गए। उन्होंने ऐसी कई बातें कहीं, जिन्हें लिखा नहीं जा सकता। उनके इस आपत्तिजनक बयान का वीडियो वायरल हो गया।
पढ़ेंः अपना दल (एस) सांसद पकौड़ी लाल कोल ने मंच से सवर्णों को कहे अपशब्द, वायरल वीडियो पर लोग दे रहे तीखी प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद सासंद का विरोध शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा अपना दल (एस) की नीतियों पर सवाल पूछे जाने के बाद पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने इसका संज्ञान लिया। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सांसद पकौड़ी लाल कोल को माफी मांगने के लिए निर्देशित किया।
अनुप्रिया पटेल ने क्या कहा
पकौड़ी लाल कोल के विवादित बयान पर अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया ने कहा कि किसी भी धर्म या जाति विशेष के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना उनकी पार्टी अपना दल के संस्कारों का हिस्सा नहीं है। अपना दल अपने गठन के समय से ही वंचित, शोषित और दबे-कुचले वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करती है।
आगे कहा कि वायरल वीडियो में प्रयुक्त की गई भाषा अत्यंत अमर्यादित है। पार्टी इसकी घोर निंदा करती है। किसी भी परिस्थिति में किसी भी धर्म या जाति के विरुद्ध अपशब्दों का या अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं होना चाहिए। पार्टी के सांसद को निर्देशित किया है कि वे अपने अनुपयुक्त और अमर्यादित भाषा के लिए तत्काल क्षमा प्रार्थना करें।
पढ़ेंः कोयला संकट का समाधान तलाशने एनसीएल मुख्यालय पहुंचे केंद्रीय कोयला मंत्री, खदानों का लेंगे जायजा
सांसद के अमर्यादित भाषण पर बिफरे लोग, मुकदमा दर्ज कराने की मांग
अपना दल-एस के सांसद पकौड़ी लाल कोल के अमर्यादित भाषण का वीडियो वायरल होने के बाद लोग आक्रोशित हो गए हैं। सोनभद्र में ब्राह्मण और क्षत्रिय समाज के लोगों ने मंगलवार को सदर कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। सांसद पर मुकदमा दर्ज करने के लिए कोतवाल को तहरीर दी। प्रदर्शनकारियों ने सांसद को सदन से बर्खास्त करने की भी मांग की।