मिर्जापुर। अतरैला टोल प्लाजा के पास मंगलवार को देर शाम बाइक से घर लौट रहा युवक सांड़ से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया गया। सीएचसी से उसे ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया गया। जहां डाॅक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, गर्भवती पत्नी को भी प्रसव पीड़ा हुई। पत्नी को पीएचसी ड्रमंडगंज पहुंचाया गया। जहां उसने बुधवार को दोपहर में पुत्र को जन्म दिया।
बनवा नौगंवा गांव निवासी ओमप्रकाश (25) पुत्र सरजूराम किसी काम से बाइक से घर से निकले थे। वे मंगलवार को देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अतरौला राजा टोल प्लाजा के पास सांड़ उनकी बाइक की सामने आ गया। साड़ से टकराकर ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से सीएचसी लालगंज भेजने के साथ ही परिजनों को सूचना दी। सीएचसी में हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ट्राॅमा सेंटर मिर्जापुर रेफर कर दिया। जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस बीच बुधवार को सुबह ओमप्रकाश की गर्भवती पत्नी इसरावती देवी को प्रसव पीड़ा होने लगी। परिजन उसे एंबुलेंस से ड्रमंडगंज पीएचसी ले गए। जहां उसने दोपहर बाद अपराह्न तीन बजे पुत्र को जन्म दिया। इधर पोस्टमार्टम हाउस पर युवक के शव का पोस्टमार्टम हो रहा था, उधर पीएचसी में उसकी पत्नी ने बच्चे को जन्म दिया। ओमप्रकाश तीन भाइयों में बड़े थे। मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनसे एक पुत्री है। बुधवार को पत्नी ने पुत्र को जन्म दिया। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि हादसे में युवक की मौत होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।