ब्यूटी पार्लर रेप केस: 8 आरोपियों की लिस्ट बनाकर तलाश रही है क्राइम ब्रांच, मामले में दो हुए हैं गिरफ्तार
नौकरी दिलाने नाम पर वाराणसी ले जाकर किशोरी से ब्यूटी पार्लर में दुष्कर्म और वेश्यावृत्ति कराने के मामले में मिर्जापुुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम अब उन आरोपितों की तलाश में जुटी है। जिन्होंने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस पार्लर संचालिका समेत दो को गिरफ्तार कर चुकी है। इसमें शामिल अन्य लोगों के नाम की लिस्ट लेकर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम वाराणसी में डेरा डालकर रामनगर और उसके आस-पास के क्षेत्र में दुष्कर्म करने वालों की तलाश कर रही है।
दरअसल, 15 जून को पार्लर संचालिका के फोन करने पर किशोरी को अजीत उर्फ दीपू साहनी ने बाइक से रामनगर पार्लर संचालिका के यहां पहुंचाया था। जहां लगभग दो माह तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया और वेश्यावृत्ति भी कराई गई। किसी तरह किशोरी चंगुल से निकलकर पखवारे भर पूर्व रामनगर थाने पहुंचकर आप बीती सुनाई थी।
चुनार पुलिस मौके पर पहुंचकर युवती को अपने साथ ले आई थी। मेडिकल और 164 का बयान होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्जकर अजीत और ब्यूटी पार्लर संचालिका शालू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस अब उन आरोपितों की तलाश कर रही है, जिन्होंने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था।
चुनार कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम दुष्कर्म करने वालों के नाम की लिस्ट लेकर वाराणसी में रामनगर और अन्य स्थानों पर दुर्ष्कम करने वालों की तलाश कर रही है।