मचा हड़कंप: पिटाई के आरोपी पर नहीं हुई कार्रवाई तो ऑटो चालक ने थाने में खाया जहर
मिर्जापुर जिले के लालगंज थाने की पुलिस द्वारा कार्रवाई ना कर प्रताड़ित किए जाने पर ऑटो चालक ने थाने में ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
विस्तार
यूपी के मिर्जापुर जिले के लालगंज थाने में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक ऑटो चालक ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसे लालगंज सीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। ऑटो चालक की हालत में सुधार है। ऑटो चालक ने पुलिस प्रताड़ना से क्षुब्ध होकर ऐसा आत्मघाती कदम उठाया।
लालगंज थाना क्षेत्र के दुबार निवासी दीपक दुबे (24) पुत्र राजकुमार दुबे लालगंज से दीपनगर मार्ग पर ऑटो चलाता है। बुधवार को ऑटो का नंबर लगाने को लेकर कुछ लोगों ने विवाद किया। उन लोगों ने अमोई चौराहे के पास उसकी पिटाई कर दी। ऑटो चालक ने संत नगर चौकी में सूचना दी तो पुलिस मौके पर आई। हालांकि इससे पहले आरोपी फरार हो गए थे।
तीन हजार रुपये और मोबाइल छीन कर भागे आरोपी
गुरुवार सुबह दुबार पंचमुखी मंदिर के पास बाइक सवार चार लोगों ने ऑटो चालक दीपक को घेर लिया और पिटाई कर दी। तीन हजार रुपये और मोबाइल छीनने का भी आरोप है। जिसपर दीपक दुबे सुबह करीब नौ बजे लालगंज थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसे थाने पर बैठाए रखा।
ऑटो चालक ने चौकी प्रभारी पर लगाया आरोप
दीपक ने आरोप लगाया कि थाने पहुंचे दुबार चौकी प्रभारी ने कहा कि उसकी कोई सुनवाई नहीं होगी। थाने आने पर भी कुछ नहीं होगा, मामला उनके पास ही पहुंचेगा। दीपक ने आरोप लगाया कि दुबार चौकी प्रभारी विपक्षियों से मिले हैं। विपक्षी छिनैती करते हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई ना कर प्रताड़ित किए जाने पर ऑटो चालक ने थाने में कीटनाशक का सेवन कर लिया।
कीटनाशक का सेवन करने पर उसकी हालत बिगड़ गई। आननफानन में उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां से उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसकी हालत ठीक है। ऑटो चालक ने कहा कि एक तो उसकी पिटाई की गई ऊपर से पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है और धमकी दे रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि जहर खा कर मर जाओ तो उसने जहर खा लिया।