राजगढ़। स्थानीय विकासखंड में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में गलत फंडा अपनाने वाले ग्राम विकास अधिकारी मुकेश गौतम व एडीओ समाज कल्याण सिद्धार्थ सिंह के खिलाफ मुख्य विकास अधिकारी की ओर से कार्यवाही कर दोनों अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए दोनों की वेतन वृद्धि रोक दी गई।
दो माह पूर्व दस दिसंबर में राजगढ़ विकासखंड के किसान इंटर कालेज परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 85 जोड़ों का विवाह ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर पटेल की मौजूदगी में संपन्न कराया गया था। जिसमें मंत्री की ओर से आशीर्वाद प्रदान किया गया। लेकिन एक जोड़ा ऐसा भी था जिसका नाम पता लगाने में समाज कल्याण विभाग न सिर्फ असफल रहा है। बल्कि उसकी एवज में दूसरी महिला कुसुम के खाते में सरकारी धन भेज कर खेल कर लिया गया। जिसकी शिकायत मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी लक्ष्मी वीएस की ओर से पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। तब मामला सामने आया। मामला उजागर होते हैं सामूहिक विवाह योजना का फार्म भरने वाले रैकरी गांव निवासी युवक को ही बली का बकरा बनाते हुए 419, 420 के तहत धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इसके बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी एम के दुबे की रिपोर्ट पर मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम विकास अधिकारी और सहायक विकास अधिकारी मुकेश गौतम समाज कल्याण सिद्धार्थ के खिलाफ कार्रर्वाई की।