चुनार। नगर स्थित बाबा कासिम सुलेमानी की दरगाह पर रविवार रात लगे मेले में स्प्रिंग टूटने से झूला गिर गया। उसमें बैठे मां-बाप और पुत्री ऊपर से 15 फीट नीचे गिर गए। इसमें मां और बेटी को गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मेले में अफरातफरी मच गई। चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगा। मौके पर लोगों की काफी भीड़ जुट गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। झूला संचालक मौके से फरार हो गए।
होली के बाद चैत्र माह में पांच बृहस्पतिवार तक यहां मेला लगता है। ईद के बाद रविवार अवकाश होने से हजारों जायरीन पहुंचे थे। इसी दौरान अहरौरा के खुटहा निवासी मेराज (35) उनकी पत्नी जहाना बेगम (28) और सात वर्षीय पुत्री जोया झूले पर बैठे थे। बोगी की स्प्रिंग टूटने से तीनों गिर पड़े, जिसमें जहाना बेगम और जोया घायल हो गईं। दोनों का उपचार निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ मंजरी राव, चेयरमैन मंसूर अहमद व कोतवाल विजयशंकर सिंह पटेल दरगाह पहुंचे से जानकारी ली। एसडीएम ने फोन पर वार्ता कर सभी झूलों के संचालन पर रोकने को कहा। संवाद