मिर्जापुर। जिले के 12 विकास खंडों की 24 ग्राम पंचायतों में शुक्रवार ग्राम चौपाल का आयोजन हुआ। खंड विकास अधिकारियों व सहायक विकास अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। चौपाल में कुल 140 मामले आए, जिनमें से 137 का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष तीन मामले सचिवों को सौंप दिए गए। सिटी ब्लॉक के धनपट्टी में बीडीओ शरद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित चौपाल में डीसी मनरेगा मो. नफीस ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान आवास, शौचालय और पेंशन से जुड़े मामले ज्यादा आए। डीसी मनरेगा ने सचिवों को पात्रों के नाम सूची में शामिल करने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्राम पंचायत अधिकारी अनूप दुबे, अनिल यादव आदि मौजूद रहे। इसी तरह गंगाउत में एडीओ सांख्यिकी ने ग्रामीणों की फरियादें सुनी। इस दौरान सचिव पप्पू मोदनवाल, ग्राम प्रधान सुरेंद्र कुमार यादव, इंद्रकला मिश्रा मौजूद थीं। विकास खंड छानबे के कुरौठी पांडेय व जोपा में बीडीओ हरिओम गुप्ता की अध्यक्षता में चौपाल लगी। कुरौठी पांडेय में दिव्यांग हरिओम सिंह (14) ने इलाज व सरकारी सुविधा मुहैया कराने की मांग की। जोपा में जटाधारी ने अधूरे आवास का मुद्दा उठाया। कहा आवास निर्माण के लिए केवल एक किस्त मिली है। हलिया ब्लॉक के मवई खुर्द व बेदउर में बीडीओ कुलदीप कुमार ने सरकार की योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। एडीओ पंचायत रूपेश श्रीवास्तव की मौजूदगी में ज्यादातर मामले आवास, शौचालय, प्रधानमंत्री सम्मान निधि व पेंशन के मामले आए। पटेहरा, गुलालपुर व कोटवा पांडेय में बीडीओ शैलेंद्र सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। गुलालपुर से 15 और कोटवा पांडेय में चार मामले आए। इनमें 14 मामले का निस्तारण किया गया। इस दौरान एडीओ श्रीकृष्ण उपाध्याय, अनुज कुमार पटेल, सुरेंद्र कुमार बिंद आदि रहे। जमालपुर के ग्राम पंचायत मदनपुरा में पशुधन प्रसार अधिकारी बृजेश कुमार सिंह और ग्राम पंचायत जयपट्टी में सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण रमाकांत मिश्र ने ग्रामीणों की फरियादें सुनीं। ग्रामीणों ने आवास, पेंशन, शौचालय एवं प्रधानमंत्री सम्मान निधि के मामले उठाए।