मिर्जापुर। जिले के 21 केंद्रों पर 22 दिसंबर को पीसीएस प्री की परीक्षा प्रस्तावित है। इस परीक्षा में लगभग 10 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। लोक सेवा आयोग ने इसके लिए प्रशासन व डीआईओएस को पत्र भेजकर परीक्षा केंद्रों के लिए विद्यालयों का प्रस्ताव मांगा है।
पहले यह परीक्षा नवंबर माह में ही प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में कतिपय कारणों से स्थगित कर दिया गया। अब इस परीक्षा की संभावित तिथि 22 दिसंबर बताई जा रही है। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में एक केंद्र पर 400 से 500 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सीसी कैमरों की निगरानी में होगी। इसके लिए उन्हीं विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जहां सीसी कैमरों की सुविधा उपलब्ध होगी। हालांकि जिले के 299 माध्यमिक विद्यालयों में से ज्यादातर में यह सुविधा उपलब्ध है। जिन विद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध है, उन्हीं जगहों पर ही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। जिले में पिछले साल यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए 117 केंद्र बनाए गए थे। इस बार भी हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्रों पर सीसीटीवी व वायस रिकार्डर की सुविधाएं उपलब्ध हैं। डीआईओएस राजकुमार दीक्षित ने बताया कि पीसीएस प्री की परीक्षा के लिए लोकसेवा आयोग ने 21 विद्यालयों की सूची मांगी है। सूची तैयार कराई जा रही है। विद्यालयों की सूची भेजने के बाद आयोग के निर्देशानुसार कार्य किए जाएंगे।