UP: साधु के वेश में आए युवक, घर में घुसकर मासूम की गर्दन पर रखा उस्तरा, विरोध करने पर मां के बाल काटे
साधु के वेश में आए दूसरे समुदाय के युवक घर में घुस गए। युवकों ने मासूम की गर्दन पर उस्तरा रख दिया। मां ने विरोध किया तो आरोपियों ने महिला के बाल काट दिए।
विस्तार
मेरठ में मेडिकल थाना क्षेत्र के कमालपुर में पांच माह के बेटे की गर्दन पर उस्तरा रख दिया गया। इसका विरोध किया तो मां के बाल काट दिए गए और उसके गले पर भी वार किया गया। पीड़ित परिवार ने दूसरे समुदाय के दो युवकों पर आरोप लगाया है। दोनों साधु का वेश बनाकर घर में घुसे थे। इसके बाद उन्होंने घटना को अंजाम दिया।
मामला शुक्रवार का है, लेकिन पुलिस इसे दबाने का प्रयास करती रही। पीड़ित पक्ष ने रविवार को तेजगढ़ी पुलिस चौकी पर हंगामा किया तो जांच शुरू की गई। एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
शहर के कैलाशपुरी निवासी मोंटी सैनी ने बताया कि वह बिजली मैकेनिक हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने गांव कमालपुर में दूसरे समुदाय की बस्ती के पास अपना घर बनाया है। उनके घर के सामने और आसपास दूसरे समुदाय के परिवार रहते हैं। आरोप है कि कुछ लोग परिवार पर कई तरह की टिप्पणियां करते हैं। इसी बात को लेकर शुक्रवार को एक पड़ोसी के साथ विवाद हो गया था। मामला शांत होने के बाद वह अपने काम पर चले गए और घर में उनकी पत्नी मनीषा सैनी पांच माह के बेटे अग्नित के साथ थीं।
आरोप है कि दूसरे समुदाय के दो युवक बाइक पर आए। इसके बाद साधु के वेश में भिक्षा लेने के बहाने घर में घुसे। आरोप है कि एक युवक ने मासूम की गर्दन पर उस्तरा रख दिया। मनीषा ने विरोध किया तो दूसरे युवक ने उनकी गर्दन पर उस्तरे से वार कर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने महिला के सिर के बाल काट दिए और छेड़छाड़ भी की। शाम को घर पहुंचे मोंटी को इस बारे में पता चला तो वह दहशत में आ गया। उसने दूसरे समुदाय के युवकों के खिलाफ पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें: Murder: जिगरी दोस्त था पर बहन पर गंदी नजर रखता था...मार दिया, आरोपी ने पुलिस के सामने कबूला जुर्म
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो समुदाय का मामला होने के चलते पुलिस पहले मामले को दबाने का प्रयास करती रही। कोई कार्रवाई नहीं करने पर रविवार देर शाम को पीड़ित परिवार तेजगढ़ी पुलिस चौकी पर पहुंचा और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। मामला बढ़ते देख पुलिस ने पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर दूसरे समुदाय के एक युवक को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें: कैंटर सीज हुआ तो पति का दर्द देख न सकीं पत्नियां: हिना-अफसाना ने उजाड़ ली दुनिया, बच्चों से छिना मां का प्यार
एसपी सिटी पीयूष सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर के बाद एक युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।