Meerut News: घर से खेलने निकला था..., खेत में पेड़ के नीचे पड़ा मिला शव, 21 वर्ष के हर्ष की गोली मारकर हत्या
Meerut Murder Case: मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र स्थित अम्हेड़ा आदिपुर गांव में युवक हर्ष (21) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजन रातभर तलाश करते रहे लेकिन वह नहीं मिला था। सुबह शव खेत में पेड़ के नीचे मिला। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
मृतक की पहचान गांव निवासी हर्ष पुत्र संजय के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हर्ष मजदूरी करता था। मंगलवार शाम वह काम से लौटकर कुछ देर घर पर रुका और फिर खेलनेकी बात कहकर घर से निकल गया था।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 25 जून को आपके शहर में क्या हुआ
बुधवार सुबह गांव के लोगों को खेत में शव दिखाई दिया। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम, साथ ही सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह भी पहुंचे और घटनास्थल की जांच की।
पुलिस के अनुसार, मौके से पानी की एक बोतल मिली है, जो किसी सुराग की कड़ी हो सकती है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
हर्ष को दाएं ओर कमर में पीछे की ओर से गोली मारी गई है। शव के नीचे फोरेंसिस टीम को तमंचा मिला,जिसमें खोखा फंसा हुआ था। मौके पर एसपी देहात राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
बेटे की मौत की खबर सुनते ही मृतक हर्ष की मां रेशा और पिता संजय का रो रोकर बुरा हाल हो गया। अभी तक की जांच पड़ताल में प्रेम संबंध में हत्या की बात सामने आ रही है। पुलिस हर पहलू पर जांच में जुटी है।
एसपी ग्रामीण राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आज थाना गंगानगर क्षेत्र के अम्हेड़ा गांव के हर्ष नामक युवक की खेत में गोली लगने से मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिवार द्वारा दी गई तहरीर में दो लोगों को नामजद करते हुए आरोप लगाया गया है कि गांव की ही एक युवती के साथ मृतक का प्रेम संबंध था जिसके कारण ये हत्या हुई है। दोनों एक ही जाति के हैं। मामला दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।