Meerut: रास्ता तंग था...24 घंटे घर में रखा रहा महिला का शव, पुलिस की मौजूदगी में शौचालय के ऊपर से निकाला शव
मेरठ के महमूदपुर भावता गांव में रास्ता तंग होने के कारण कैंसर पीड़ित महिला की अर्थी 24 घंटे तक घर में फंसी रही। पुलिस की मौजूदगी में शौचालय के ऊपर से शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा गया।
विस्तार
मेरठ कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर भावता में एक दर्दनाक और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां कैंसर से पीड़ित ज्योति (30) पत्नी सोनू कुमार की मौत के बाद रास्ता तंग होने के कारण उसकी अर्थी करीब 24 घंटे तक घर में ही रखी रही।
कैंसर से पीड़ित थी महिला
ज्योति लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थी। बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसकी घर पर ही मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को गंगा बैराज ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन घर से बाहर निकलने का रास्ता इतना संकरा था कि अर्थी बाहर निकालना संभव नहीं हो सका।
यह भी पढ़ें: महापंचायत: सोनू हत्याकांड पर उबाल, मेरठ कमिश्नरी पर कश्यप समाज का प्रदर्शन, मुजफ्फरनगर में हाईवे किया जाम
मृतका के पति सोनू कुमार ने बताया कि उनके पास लगभग 50 वर्ग गज की पट्टे की भूमि है। पड़ोसियों टीकम और विजय के पास भी सरकारी भूमि का पट्टा है। सोनू और उसके भाई का घर टीकम के घर के पीछे स्थित है, जहां तक पहुंचने के लिए छह फिट चौड़ा रास्ता छोड़ा गया था। आरोप है कि टीकम ने इस रास्ते की तीन फिट जमीन पर शौचालय बना लिया, जिससे रास्ता मात्र तीन फिट का रह गया।
ग्रामीणों ने नहीं की मदद
सोनू ने ग्रामीणों से पत्नी की अर्थी निकालने के लिए रास्ता खुलवाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने सहयोग नहीं किया। मजबूरी में पूरी रात ज्योति का शव घर में ही रखा रहा।
पुलिस की मौजूदगी में निकली अर्थी
गुरुवार को सोनू ने कोतवाली देहात पुलिस से शिकायत की। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रवेज तोमर मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस की मौजूदगी में शौचालय के ऊपर से महिला की अर्थी निकालकर अंतिम संस्कार के लिए गंगा बैराज भेजा गया।
पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
सोनू मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। पत्नी के इलाज के चलते वह पहले ही आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान था। उसका कहना है कि उसने रास्ते में अतिक्रमण की शिकायत पहले भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सीओ डॉ. अंजनी चतुर्वेदी ने बताया कि रास्ता तंग होने की वजह से समस्या उत्पन्न हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अर्थी निकलवाई और रास्ते के मामले को राजस्व अधिकारियों के संज्ञान में दे दिया गया है।