मेरठ: चाकू लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंची महिला, नस काटकर जान देने की धमकी; पुलिस ने सूझबूझ से किया काबू
मेरठ में एसएसपी कार्यालय के बाहर चाकू लेकर पहुंची महिला ने नस काटकर जान देने की धमकी दी। पुलिस ने करीब आधे घंटे बाद समझाकर महिला को काबू किया और चाकू कब्जे में लिया।
विस्तार
मेरठ में एसएसपी कार्यालय के बाहर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला हाथ में चाकू लेकर पहुंच गई। महिला ने नस काटकर जान देने की धमकी दी। करीब आधे घंटे तक वह पुलिस को चुनौती देती रही। पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ से महिला को समझाकर शांत किया और उसके हाथ से चाकू लेकर कब्जे में ले लिया।
चाकू लेकर एसएसपी ऑफिस के बाहर पहुंची महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला हाथ में चाकू लेकर एसएसपी कार्यालय के बाहर पहुंची और विरोध जताने लगी। उसने नस काटकर जान देने की धमकी दी। महिला को चाकू के साथ देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने का प्रयास किया।
यह भी पढ़ें: सीलिंग का खौफ: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उल्देपुर में जुटे कॉलोनी मालिक और खरीदार, अनिश्चितकालीन धरना शुरू
आधे घंटे तक पुलिस को देती रही चुनौती
महिला करीब आधे घंटे तक चाकू हाथ में लेकर पुलिस से बात करती रही। पुलिसकर्मियों ने धैर्य रखते हुए उसे समझाया और किसी तरह की जल्दबाजी नहीं की। बातचीत के जरिए महिला को शांत करने के बाद पुलिस ने चाकू अपने कब्जे में ले लिया।
युवक पर परेशान करने का आरोप
महिला का आरोप है कि एक युवक लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है। उसका कहना है कि इस संबंध में शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसी बात से नाराज होकर वह एसएसपी कार्यालय पहुंची थी।
पुलिस ने महिला को काबू करने के बाद पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। महिला की शिकायत और युवक पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।