West UP News Live: मुजफ्फरनगर में खिलौने बेचने गए किशोर की गंगा में डूबकर मौत, जहर के सेवन से छात्र की मौत
लिसाड़ी गेट में धार्मिक स्थल से जबरन लाउडस्पीकर उतरवाने पर एक वर्ग के लोगों ने शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट के खिलाफ डीएम को शिकायती पत्र दिया। आरोप है कि इंस्पेक्टर धार्मिक स्थल पर जूते पहनकर आए थे। पूर्व पार्षद हाजी मोहम्मद इरफान अंसारी के साथ साउथ इस्लामाबाद के क्षेत्रवासी कलक्ट्रेट पहुंचे।
बताया कि वर्ष 2022 में शासन द्वारा धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतारे जाने के आदेश जारी किए गए थे। धार्मिक स्थल में लाउडस्पीकर लगाए जाने की अनुमति दिए जाने को लेकर एडीएम सिटी को प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने अनुमति नहीं दी। दो दिन पहले थाना प्रभारी कुछ पुलिसकर्मियों के साथ जूते पहनकर जबरन मस्जिद में घुस आए और लाउडस्पीकर उतारने का प्रयास किया। डीएम ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।
मुतवल्ली के खिलाफ किया प्रदर्शन
कलक्ट्रेट में शनिवार को एक वर्ग के लोगों ने मुतवल्ली के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप है कि फर्जी रसीद के सहारे मुतवल्ली ने अपने बेटे का दुकान पर जबरन कब्जा करा दिया है। जुनैद अहमद ने बताया कि उन्होंने जून 2023 में ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र स्थित कबाड़ी बाजार में अनार वाली मस्जिद की वक्फ संपत्ति में दुकान नंबर 13 किराए पर ली थी। जिसकी रसीद भी कटाई गई थी।
आरोप है कि अब मस्जिद के मुतवल्ली ने वक्फ के एक सदस्य से सेटिंग करके दुकान की फर्जी रसीद वक्फ सदस्य की पत्नी के नाम पर काट दी है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की।
भाकियू नेता ने थाने में डाला डेरा
परतापुर थानाक्षेत्र में सड़क हादसे में हुई नरेंद्र सिंह की मौत के मामले में शनिवार को उसके परिजनों को आर्थिक मदद की मांग को लेकर भाकियू नेता विजयपाल घोपला परतापुर थाने में खाट डालकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि हादसे को कई दिन हो गए हैं, लेकिन अभी तक मृतक के परिजनों को कोई मदद नहीं दी गई है। क्षेत्र के एक बड़े स्कूल की बस से ये हादसा हुआ था। उन्होंने स्कूल में मृतक के परिजनों की नौकरी लगाए जाने की मांग की। परतापुर इंस्पेक्टर जयकरण सिंह का कहना है कि बस को कब्जे में ले लिया था और चालक का चालान कर दिया गया था। उच्च अधिकारियों तक उनकी मांग को पहुंचा दिया गया है। बता दें कि शताब्दीनगर स्थित जलवायु टावर के पास सड़क हादसे में भाकियू नेता विजयपाल घोपला के चचेरे भाई नरेंद्र सिंह की मौत हो गई थी।
एनसीआरटीसी करा रहा लाइफ इन आरआरटीएस पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता
एनसीआरटीसी नमो भारत ट्रेन के यात्रियों के लिए लाइफ इन आरआरटीएस पर फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का विषय ‘लाइफ इन आरआरटीएस थ्रू माई लेंस’ है। यात्री इस प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी फोटोग्राफी प्रतिभा को प्रदर्शित कर सकते हैं, साथ ही पुरस्कार भी जीत सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 20 दिसंबर को रात 9 बजे तक प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने बताया कि प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए क्रमशः 10 हजार रुपये, 7,500 रुपये और 5,000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के विजेता तस्वीरों को विभिन्न आरआरटीएस स्टेशनों, एनसीआरटीसी कारपोरेट कार्यालय, प्रदर्शनियों और अन्य संभावित प्लेटफार्मों पर भी प्रदर्शित किया जा सकता है। जिससे विजेताओं को अपने काम को व्यापक दर्शकों के सामने प्रदर्शित करने का रोमांचक अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए, प्रतिभागियों को अपने नाम, आयु, पेशा, कॉलेज/कंपनी का नाम, आवासीय शहर, फोटो खींचने की तिथि/अवधि/स्थान, कैप्शन फोटोग्राफ, संपर्क नंबर और ई-मेल आईडी आदि के साथ ईमेल आइडी pr@ncrtc.in पर अपनी प्रविष्टियां भेजनी होंगी। प्रतिभागी उनके द्वारा खींची गई तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एनसीआरटीसी के फेसबुक (@officialncrtc), इंस्टाग्राम (@officialncrtc) और X (twitter.com) एकाउंटस को टैग करके शेयर भी कर सकते हैं। प्रतियोगिता से जुड़ी जानकारी एनसीआरटीसी की वेबसाइट से ली जा सकती हैं।
मेले में खिलौने बेचने गए किशोर की गंगा में डूबकर मौत
मीरापुर में रामराज के धर्मपुरा क्षेत्र में दोस्तों के साथ गंगा में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से किशोर की डूबकर मौत हो गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। किशोर खादर में चल रहे मेले में खिलौने बेचने आया था।
क्षेत्र के गांव हासमपुर निवासी विपुल उर्फ सैंकी (16) पुत्र वेदप्रकाश अपने चाचा सुभाष के साथ धर्मपुरा गंगा मेले में खिलौने बेचने के लिए गया हुआ था। रविवार दोपहर के समय वह अपने चचेरे भाई राजीव और मोहल्ला निवासी मोनू के साथ गंगा में नहाने के लिए चला गया। गंगा में नहाते समय विपुल गहरे पानी मे चला गया और डूब गया। गंगा में विपुल को डूबता देख अन्य दोनों युवकों ने शोर मचा दिया।
पुलिस और अन्य व्यक्ति भी मौके पर पहुंचे और गंगा में किशोर की तलाश की। गंगा में तलाश के दौरान विपुल बेहोशी की हालत में मिल गया, जिसे परिजनों और पुलिस ने रामराज एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। डॉक्टर ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद उसके परिजन किशोर को जिला अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर रामराज सीता सिंह ने बताया कि मृतक किशोर के परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।
जहर के सेवन से छात्र की मौत, छात्रा के परिजनों पर जहर पिलाने का आरोप, जाम लगाया
मुजफ्फरनगर के नई मंडी के अलमासपुर निवासी कक्षा दस के छात्र की जहर के सेवन से मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों ने शव को अलमासपुर चौराहे पर रख कर जाम लगा दिया। परिजनों ने नगर में ही रहने वाली एक छात्रा के परिजनों पर कोल्ड डि्ंक में जहर पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस को तहरीर दी है।
अलमासपुर निवासी रविंद्र पाल ने छात्रा के परिजनों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया कि उनके बेटे दिपांशु को वसुंंधरा निवासी एक छात्रा के परिजनों ने कोल्ड डि्ंक में जहर पिलाया है। जिससे उसकी मौत हुई है।
परिजनों ने छात्रा के परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। परिजनों ने शव को जानसठ मार्ग पर अलमासपुर चौराहे पर शव को रखकर जाम लगाया। सीओ सिटी राम आशीष यादव ने पहुंच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम को खुलवाया।
नई मंडी कोेतवाली पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुडा है। छात्रा व छात्र ने शहर में कहीं पर एक साथ जहर खाया था। छात्रा की हालत सही है और वह अपने घर पर है। सीओ सिटी का कहना है कि मामले में जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।