Weather Update UP: दिन में तपा बदन, रात में बारिश ने दी राहत, तेज हवा ने उड़ाई आधे शहर की बिजली
बुधवार को दिन में रिकाॅर्ड तोड़ भीषण गर्मी ने जीना मुहाल कर दिया, लेकिन देर रात तक बारिश से काफी राहत मिली। अब समुद्र तट और आकाश गंगा से मानसून के दृष्टिगत शुभ संकेत मिल रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिन में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। रात में हल्की बारिश ने राहत दी। आज भी बारिश के आसार हैं। गर्मी के चलते बुधवार सुबह से ही लू के थपेड़ों का असर ज्यादा रहा। दिन में गर्म हवाएं चलने से मौसम गर्म बना रहा। गर्मी के तेवर कम होते नहीं दिख रहे। दिन भर तापमान 43 डिग्री के पास रहा। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री व रात का न्यूनतम 31.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
शाम को सात बजे के करीब अचानक से आसमान पर काले बादल आए और तेज धूल भरी हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। रात में ठंडी हवा से राहत मिली। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वेस्ट यूपी में हल्की बारिश के असार बने हुए हैं।
तेज हवा ने बुधवार रात आधे शहर की बिजली उड़ा दी। बूंदाबांदी के बाद एक से तीन घंटे बाद आपूर्ति सुचारू हुई। वहीं मंगलवार रात को शास्त्रीनगर के सेक्टर 11 और सेक्टर 9 में एक के बाद एक दो ट्रांसफार्मर फुंक गए।
रात में ट्रांसफार्मर की आग बुझने के बाद विभाग की ओर से ट्रॉली ट्रांसफार्मर लगाकर वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई। इस दौरान दो से तीन घंटे बिजली नहीं रही। बुधवार सुबह नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई। इस दौरान 4 से 5 घंटे तक क्षेत्र के सेक्टर 11 और सेक्टर 9 में बिजली नहीं रही।
मंगलवार रात 11 बजे शास्त्रीनगर सेक्टर 11 में 630 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लग गई थी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। इस दौरान रात में करीब दो घंटे सेक्टर 11 में बिजली नहीं रही। उपखंड अधिकारी आरए कुशवाह ने रात में वैकल्पिक ट्रॉली ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति कराई।
कुछ देर बाद ही सेक्टर 9 में वसंतिका स्कूल के पास रखा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर अधिक लोड होने के कारण फुंक गया, जिससे सेक्टर 11 और 9 के कई मोहल्लों में बिजली नहीं रही।
बुधवार सुबह 630 केवीए का नया ट्रांसफार्मर रखा गया और सेक्टर 9 में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया। इसके बाद बुधवार दोपहर 2 बजे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति सुचारू हो पाई। वहीं, गंगानगर में रात साढ़े 10 बजे से डेढ़ बजे तक भी बिजली नहीं आई थी।
लू के प्रकोप से बचाव के लिए डीएम दीपक मीणा ने निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने अपने कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की और कहा कि लू से जनहानि भी हो सकती है। बचाव के लिए ज्यादा प्रचार करें और संबंधित अधिकारी इसकी मॉनीटरिंग करें। इस मामले में लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। लू से बचाव में गाइडलाइन भी जारी कर दी। लोग खूब पानी पिएं। शराब और चाय पीने से बचें।
डीएम ने बताया कि लू से होने वाली मौत की रोकथाम के लिए निम्न सावधानियां बरतें। कड़ी धूप में बाहर न निकलें, खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक के बीच में, जितनी बार हो सके पानी पियें, प्यास न लगे तो भी पानी पियें, हल्के रंग के ढीले-ढाले सूती कपड़े पहनें।
क्या करें, क्या न करें : धूप में खड़े वाहनों में बच्चों एवं पालतू जानवरों को न छोड़े। खाना बनाते समय कमरे के दरवाजे के खिड़की एवं दरवाजे खुले रखें जिससे हवा का आना जाना बना रहे, नशीले पदार्थ शराब तथा एल्कोहल के सेवन से बचे, उच्च प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें।