गैंगरेप पीड़िता ने जांच पर उठाए सवाल, कहा- नहीं मिला इंसाफ तो कर लूंगी धर्म परिवर्तन
यूपी में सहारनपुर के वर्ष 2015 में हुए गैंगरेप मामले में शनिवार को गैंगरेप पीड़िता ने मीडिया से रूबरू होकर सीबीसीआईडी जांच पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह परिवार समेत इस्लाम धर्म कबूल कर लेगी।
देवबंद में नगर की एक कालोनी निवासी महिला ने प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया कि 6 अगस्त 2015 को तत्कालीन कोतवाल ब्रजमोहन, एसआई वेगपाल सिंह, पंकज धामा और एक सिपाही ने उसे कोतवाली बुलाया और एक कमरे में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया था, जब उसने रिपोर्ट दर्ज करने को तहरीर दी तो उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। जिसके बाद उसने न्यायालय में वाद दायर किया था। उच्च न्यायालय के आदेश पर सीबीसीआईडी जांच के आदेश दिए गए।
आरोप है कि सीबीसीआईडी के जांच अधिकारियों ने उससे कहा कि वो (आरोपी) अपनी गलती मान रहे हैं इसलिए उन्हें माफ कर दो। जब उसने इससे इंकार किया तो जांच अधिकारियों ने कोर्ट को गलत रिपोर्ट भेजकर गुमराह किया। लोगों के झूठे बयान लेकर उसने साइन कराए गए। जबकि उन लोगों को यह तक पता नहीं कि उनके बयान क्यों लिए जा रहे हैं।
महिला का आरोप है कि जांच अधिकारी पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश कर रहे हैं। चेताया यदि उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह परिवार के साथ इस्लाम धर्म कबूल कर लेगी। इसके साथ ही महिला ने यह भी कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिला शक्तिकरण के बड़े बड़े दावे करते हैं। हमने बीजेपी को वोट भी दिया, लेकिन इस सरकार में इंसाफ नहीं मिल रहा है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/