उपचुनाव में प्रधान के बेटे की हत्या का मामला, परिजनों ने थाने दिया धरना, विधायक पर लगाया ये आरोप
मेरठ में जिला पंचायत उपचुनाव में बूथ कैपचरिंग के विरोध में ग्राम प्रधान के बेटे अनित गुर्जर की हत्या के मामले में पीड़ित परिवार के लोगों ने गुरुवार को परीक्षितगढ़ थाने में धरना-प्रदर्शन किया। आरोप है कि सरधना विधायक संगीत सोम ने हत्यारोपी विजय धामा की गिरफ्तारी कराई है। आरोपी विजय धामा लगातार पीड़ित परिवार को व्हाट्सएप कॉलिंग करके धमकी दे रहा था। अब पीड़ित परिवार ने आरोपी पर रासुका लगाने की मांग की है।
बूथ कैप्चरिंग और बली गांव के प्रधान पुत्र की हत्या के आरोपी विजय धामा की तलाश में 25 दिन तक मेरठ पुलिस ने खाक छानी, इसके बावजूद आरोपी सेटिंग से बुधवार को दिल्ली में सरेंडर हो गया। भले ही मेरठ पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही हो कि धामा को दिल्ली में साकेत स्थित डीएलएफ मॉल से पकड़ा। लेकिन पुलिस सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेता के जरिये एक इंस्पेक्टर से गिरफ्तारी की सेटिंग होनी बताई जा रही है।
जानिए पूरा मामला
हत्यारोपी विजय धामा 25 दिन तक बेखौफ घूमता रहा। गिरफ्तारी से पहले पीड़ित प्रधान को धमकी देता रहा। समझौते के लिए वीडियो वायरल की तो कभी फोन पर प्रधान को धमकाता रहा। मंगलवार को भी विजय ने प्रधान के मोबाइल पर धमकी दी थी। जिसकी शिकायत प्रधान ने बुधवार को परीक्षितगढ़ थाने में दे दी। पुलिस ने उसके खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज कर लिया।
अनित हत्याकांड में फरार होने पर आरोपी ने वीडियो वायरल की, जिसमें उसने सपा नेता अतुल प्रधान पर आरोप लगाए। पुलिस हत्यारोपी पर इनाम बढ़ाती रही। इसके बावजूद भी बेखौफ था। गिरफ्तारी से एक दिन पहले भी विजय धामा ने अनित के पिता कालूराम के मोबाइल पर कॉल कर धमकी दी कि समझौता नहीं हुआ तो वह फिर खूनखराबा करेगा।
कई दिनों से था दिल्ली में
उपचुनाव में विजय धामा की जीत होने के बाद पुलिस भी शांत हो गई थी। एक भाजपा नेता आरोपी को संरक्षण दे रहा है, इसकी भी चर्चा चली थी। पुलिस की किरकिरी होने लगी व गिरफ्तारी का दबाव बनने लगा। हत्यारोपी धामा कई दिनों से दिल्ली में छिपा था। तब जाकर पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार का इनाम कर दिया था। कुर्की वारंट चस्पा के बाद कुर्की की तैयारी शुरू की, उसके बाद विजय खुद को सरेंडर करने की प्लानिंग बनाने लगा था।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/