यूपी: जासूसी में गिरफ्तार पूर्व सैनिक को लेकर बड़ा खुलासा, जांच में जुटीं एजेंसियां, अभी और खुलेंगे राज
- शॉप्रिक्स मॉल में सौरभ को दिया था नोटों का लिफाफा
- सेना की जासूसी करने पर एटीएस ने पूर्व सैनिक सौरभ शर्मा को आठ जनवरी को हापुड़ से किया था गिरफ्तार
- रविवार को सौरभ को लेकर शॉप्रिक्स मॉल पहुंची एटीएस की टीम, जगह की शिनाख्त कराई
विस्तार
सेना के दस्तावेजों को लीक करने के आरोप में हापुड़ से गिरफ्तार किए गए पूर्व सैनिक सौरभ शर्मा को जासूसी की एवज में शॉप्रिक्स मॉल मेरठ में नोटों से भरा लिफाफा दिया गया था। यह रकम पिछले साल दी गई थी।
सौरभ को मॉल में एक स्थान बताया गया कि जहां नोटों का लिफाफा पहले से रखा हुआ था। रविवार को यूपी एटीएस की एक टीम शॉप्रिक्स मॉल पहुंची और उस जगह की शिनाख्त कराई।
सूत्रों का कहना है कि सौरभ वैसे तो छह साल से पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी कर रहा था, लेकिन खुफिया एजेंसियों के रडार पर वह साल 2020 के आखिर में आया, जब उसका पाकिस्तानी इंटेलीजेंस की महिला अधिकारी से मनमुटाव हो गया था।
बताया गया कि पहले उसे लिफाफे में रकम दी जाती थी, लेकिन रकम देने वाले से सौरभ का संपर्क नहीं हो पाता था। रकम अलग-अलग स्थानों पर लिफाफे में रखी जाती थी और फिर सौरभ को वहां से लिफाफा उठा लेने के लिए कहा जाता था। बाद में रकम का ट्रांजेक्शन खातों में भी होने लगा। खूफिया एजेंसियां सौरभ के संपर्क वालों की भी जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी: बेटियां पैदा होने पर पत्नी को भरी पंचायत में दिया तीन तलाक, आरोपी पति फरार
सीसीटीवी की मांगी गई फुटेज
सूत्रों का कहना है कि शॉप्रिक्स मॉल की फुटेज यूपी एटीएस ने मांगी है, जिसमें पता किया जाएगा कि रकम को किसने रखा और फिर एटीएस उसके हुलिये से उस तक पहुंचने की कोशिश करेगी।
उधर, सौरभ के खातों में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के कहने पर रकम ट्रांसफर करने वाले अनस को रविवार को ट्रांजिट रिमांड पर लाने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सोमवार को यूपी एटीएस उसकी रिमांड मांगेगी।
सेना के मूवमेंट की जानकारी देता था सौरभ
सौरभ काफी समय तक पंजाब के पठानकोट में सिग्नल पर काम करता था। यहां सेना के मूवमेंट की जानकारी होती है। सूत्रों का कहना है कि इसी जानकारी को वह पीआईओ को व्हाट्सएप के जरिए देता था। फिलहाल एटीएस को ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है, जिसमें पठानकोट में हुए आतंकी हमले के समय सेना के मूवमेंट की जानकारी उसने दी हो।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/