लावड़। चिंदौड़ी मार्ग स्थित राम तालाब के पास बने भूमिया माता मंदिर के बाहर नगर का कूड़ा डालने पर बुधवार सुबह लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने कूड़ा लेकर आए सफाईकर्मियों को वहां से भगा दौड़ा दिया। इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अधिकारी से शिकायत की। वहीं, अधिशासी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और जल्द कूड़ा हटवाने का आश्वासन दिया।
नगर से एकत्र होने वाले कूड़े को पिछले कुछ दिनों से सफाईकर्मी चिंदौड़ी मार्ग स्थित राम तालाब के पास बने भूमिया माता मंदिर के बाहर फेंक रहे हैं। ये कर्मचारी बुधवार को गाड़ी लेकर कूड़ा डालने पहुंचे। इस पर वहां मौजूद लोगों ने सफाईकर्मियों को मंदिर के बाहर कूड़ा डालने से मना किया। कूड़े से उठती बदबू के कारण पास में स्थित एक स्कूल के बच्चों का बुरा हाल है। स्थानीय सुदीप, जयपाल, दीपक आदि ने बताया कि पूर्व में ही यहां सफाई कराई गई थी। भगवान राम ने वनवास के दौरान यहां रात बिताई थी और इस तालाब का पानी पिया था। तभी से यह तालाब राम तालाब के नाम से जाना जाता है। मामले की जानकारी मिलने पर विधायक प्रतिनिधि संजय गुप्ता, प्रभात, रोहित गुप्ता, अजय जैन, उदित चौधरी आदि नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जल्द मंदिर के बाहर की सफाई कराने की मांग की। इस पर अधिशासी अधिकारी उनके साथ मौके पर पहुंचे । उन्होंने स्कूली बच्चों से भी बात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द यहां से कूड़ा हटवाकर सफाई करा दी जाएगी। इस बाबत अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार का कहना है कि जल्द कूड़ा हटा दिया जाएगा। इसके निस्तारण के लिए भूमि की तलाश की जा रही है। भूमि मिलते ही इधर-उधर कूड़ा डालने की समस्या पूरी तरह खत्म हो जाएगी।