चुनाव परिणाम 2022: सरधना से अतुल प्रधान ने संगीत सोम को हराया, कैराना में नाहिद हसन जीते, चरथावल में सपा के पंकज मलिक ने लगाई जीत की हैट्रिक
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर भाजपा का गठबंधन से तगड़ी टक्कर मिली है। खतौली सीट पर भाजपा के विक्रम सैनी, चरथावल सीट पर सपा के पंकज मलिक, बुढ़ाना सीट पर रालोद के राजपाल बालियान, मीरापुर सीट पर रालोद के चंदन चौहान, निर्णायक बढ़त की ओर हैं।
विस्तार
तीसरी बार विधानसभा पहुंचे पंकज मलिक
मुजफ्फरनगर में सपा के टिकट पर चरथावल से चुनाव लड़े पंकज मलिक ने तीसरी बार जीत दर्ज की है। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक के बेटे पंकज मलिक ने चुनाव से एन पहले कांग्रेस छोडकऱ सपा में शामिल हुए थे। भाजपा की सपना कश्यप ने चुनाव में उन्हें कड़ी चुनौती दी।
पंकज मलिक को 97068 और भाजपा की सपना कश्यप को 91649 वोट मिले हैं। पंकज मलिक 5419 वोटों से जीत गए हैं। इससे पहले मलिक ने बघरा सीट से 2004 में उपचुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। इसके बाद 2007 में बघरा और 2012 में वह शामली सीट से विधायक चुने गए, लेकिन 2017 में चुनाव हार गए थे। शामली छोडकऱ इस बार वह चरथावल से चुनाव लडऩे पहुंच और कांटे के मुकाबले में जीत मिली। चरथावल में बसपा के उम्मीदवार सलमान सईद को सिर्फ 25 हजार वोट मिले हैं।
भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम नहीं लगा सके जीत की हैट्रिक, सरधना में पहली बार दौड़ी साइकिल
सरधना विधानसभा सीट से सपा रालोद गठबंधन के अतुल प्रधान ने भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सोम को हरा दिया है। संगीत सोम इससे पहले दो बार यहां से चुनाव जीते थे, जबकि अतुल प्रधान दो बार चुनाव हारे थे। सरधना सीट पर ऐसा पहली बार हुआ है जब सपा का कोई प्रत्याशी जीता है। हार जीत का अंतर करीब 18000 वोटों का है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। जब चार राउंड की मतगणना होनी बाकी थी, उससे पहले ही संगीत सोम मोदीपुरम में कृषि विश्वविद्यालय स्थित मतगणना स्थल से चले गए थे।
संगीत सोम का घमंड टूटा: अतुल प्रधान
जीत के बाद बोले अतुल प्रधान संगीत सोम का घमंड टूटा, हिंदू मुस्लिम की राजनीति करते थे। लोगों ने सबक सिखाया दलितों का शोषण किया, इसलिए इनकी हार हुई है। हम जनता के बीच रहे इसलिए हम जीते हैं।
कैराना में नाहिद हसन जीते, मृगांका पिछड़ीं
जनपद शामली की चर्चित कैराना सीट पर भाजपा प्रत्याशी मृगांका सिंह ने गठबंधन प्रत्याशी को नाहिद हसन को पछाड़े रखा लेकिन दोपहर बाद नाहिद हसन आगे निकल गए। नाहिद हसन करीब 25 हजार वोटों से जीते। गन्ना मंत्री सुरेश राणा करीब 7 हजार वोट से पीछे हैं। थानाभवन सीट की 3 ईवीएम खराब हुईं हैं। डीएम जसजीत कौर का कहना है कि अंत में इन ईवीएम को लेकर फैसला होगा। मार्जिन कम रहा तो वीवीपैट से गिनती की जाएगी।
सहारनपुर में भाजपा की बल्ले-बल्ले
सहारनपुर जनपद की 7 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 5 सीट जीती है, जबकि 2 सीट सपा ने जीती है। भाजपा ने सहारनपुर शहर, देवबंद, रामपुर मनिहारान सुरक्षित, नकुड और गंगोह सीट पर विजय हासिल की है। सपा ने बेहट और सहारनपुर देहात विधानसभा सीट जीती है।
- सहारनपुर की बेहट सीट से सपा प्रत्याशी उमर अली जीते हैं
- सहारनपुर देहात सीट से सपा प्रत्याशी आशु मलिक जीते हैं।
- देवबंद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक बृजेश सिंह जीते हैं।
- रामपुर मनिहारान सुरक्षित सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक देवेंद्र निम जीते हैं।
- गंगोह विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विधायक किरत सिंह जीते हैं।
- नकुड विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी जीते हैं।
मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर सदर सीट पर कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को 18वें राउंड के बाद 77797 और रालोद के सौरभ स्वरूप बंटी को 70256 वोट मिले हैं। चरथावल विधानसभा सीट से सपा-रालोद गठबंधन के पंकज मलिक ने बढ़त बना ली है। भाजपा की सपना कश्यप मतगणना स्थल से चली गई है। अभी अंतिम परिणाम जारी नहीं हुए हैं। बुढ़ाना विधानसभा के 22वें राउंड की गिनती के बाद रालोद के राजपाल बालियान को 94876 और भाजपा के उमेश मलिक 80156 वोट मिले हैं। इस विधानसभा के आठ राउंडकी गिनती बाकी है। खतौली में भाजपा के वर्तमान विधायक और प्रत्याशी विक्रम सैनी को 23वें राउंड के बाद 89983 वोट मिले हैं, जबकि रालोद के राजपाल सैनी को 65189 वोट मिले हैं। भाजपा प्रत्याशी यहां पर 24793 वोटों से आगे हैं।
खतौली सीट पर भाजपा के विक्रम सैनी, चरथावल सीट पर सपा के पंकज मलिक, बुढ़ाना सीट पर रालोद के राजपाल बालियान, मीरापुर सीट पर रालोद के चंदन चौहान, निर्णायक बढ़त की ओर हैं। पुरकाजी सीट पर रालोद के अनिल कुमार बढ़त बनाए हुए हैं, सदर सीट पर कौशल विकास राज्यमंत्री आगे चल रहे हैं।
बागपत
बागपत सीट से भाजपा के योगेश धामा जीते हैं, बड़ौत से भाजपा के केपी मलिक और छपरौली से रालोद के अजय कुमार जीते हैं। हालांकि घोषणा होनी बाकी है। वहीं बड़ौत सीट पर मतगणना को लेकर रालोद प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई। बैलेट पेपर की दोबारा मतगणना शुरू की गई। बड़ौत सीट पर काफी बवाल हो गया। पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसूगैस के गोले भी छोड़ने पड़े।
बिजनौर की नजीबाबाद सीट पर नजीबाबाद विधायक तस्लीम अहमद, नगीना विधायक मनोज पास, नहटौर विधायक ओमकुमार जीत की हैट्रिक लगा सकते है, तीनों अभी आगे चल रहे हैं।