Meerut : अधिकारी नहीं सुधरेंगे तो जनता से जूतों से पिटवाऊंगा, संगीत सोम ने कहा- बयान से पीछे नहीं हटूंगा
संगीत सोम ने कहा कि पत्रकार बंधु मुझसे पूछ रहे थे कि आपने एक अधिकारी को धमकाया था। दूसरा नेता होता तो कहता कि नहीं वायरल ऑडियो में मेरी आवाज नहीं है। लेकिन मैं कहता हूं कि हां मैंने ही धमकाया।
विस्तार
सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने कहा कि अगर अधिकारी सही से काम नहीं करेंगे, कानून का पालन नहीं करेंगे तो जनता से जूतों से पिटवाऊंगा। क्षत्रिय समाज को एकजुट होकर राजनीति में मजबूत पकड़ बनानी होगी। समाज की बुराइयां आपस में बैठकर निपटाएं। जमींदारी भावना त्याग कर समाज के कमजोर लोगों की मदद को आगे आएं। यह बातें उन्होंने रविवार को मुरादाबाद में मूंढापांडे के भीतखेड़ा गांव में आयोजित क्षत्रिय स्वाभिमान एवं चिंतन समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संगीत सोम ने अपने पुराने बयान को फिर दोहराया। कहा कि पत्रकार बंधु मुझसे पूछ रहे थे कि आपने एक अधिकारी को धमकाया था। आपके बयान का ऑडियो खूब वायरल हो रहा है। दूसरा नेता होता तो कहता कि नहीं वह मेरी आवाज नहीं है। मैंने कहा कि हां मैंने धमकाया। उन्होंने पुराना बयान दोहराते हुए कहा कि अगर अधिकारी सही से काम नहीं करेंगे और कानून का पालन नहीं करेंगे तो जनता से ही जूतों से पिटवाऊंगा। आप लोग कमजोरी की बात मत करें, कमजोर मत बनें।