टंडेरा में मां-बेटियों की मौत: दो साहूकार और दो फाइनेंस कंपनियों पर केस दर्ज, कई हिरासत में
टंडेरा में मां और दो बेटियों की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पूनम की तहरीर पर दो साहूकारों और दो फाइनेंस कंपनियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के गांव टंडेरा में जहरीला पदार्थ निकलने से एक महिला और उसकी दो बेटियों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतका के पति पुखराज की बड़ी बेटी पूनम की तहरीर पर कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूनम ने आरोप लगाया कि गांव टंडेरा निवासी सेठा, गुडडू उर्फ रामावतार, रमेश और बिंदर (पता अज्ञात) तथा गांव बीरबलपुर उर्फ बूढ़पुर निवासी प्रदीप, नरदेव, मूलचंद, रजनीश उर्फ लाल उर्फ लाल सिंह और सतीश ने परिवार पर मानसिक दबाव बनाया। साथ ही चांदपुर और नूरपुर की दो लोन देने वाली फाइनेंस कंपनियों का भी नाम तहरीर में शामिल किया गया है।
यह भी पढ़ें: सामूहिक खुदकुशी: कर्ज के दलदल में ऐसा फंसा परिवार, तंग आकर किया मौत का चुनाव, रुला देगी मुफलिसी की कहानी
आरोप है कि इन साहूकारों और कंपनियों से कर्ज लेने के बाद परिवार पर भारी दबाव बनाया गया, जिससे मानसिक तनाव में आकर महिला और उसकी दो बेटियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
पुलिस ने इस मामले में दो साहूकारों को नामजद किया है, साथ ही चांदपुर और नूरपुर की दो फाइनेंस कंपनियों को भी आरोपी बनाया गया है। कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। जल्द ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।