टरबाइन लेकर जा रहे ट्रॉला से टोल पर लगा जाम
मोदीपुरम। हरिद्वार की भेल कंपनी से से गुजरात टरबाइन लेकर जा रहे 266 पहियों के ट्रॉले से टोल प्लाजा पर भयंकर जाम लग गया। लगभग एक घंटे में टोल से यह ट्रॉला गुजरा। ट्रॉले को निकालने में टोल कर्मियों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। जिसके चलते सेंसर के खंभे को भी हटाना पड़ा। इससे रेलिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रॉले को निकलने के बाद ही टोल कर्मियों ने राहत की सांस ली।
सिवाया टोल प्लाजा पर एक बड़ा ट्रॉला आकर फंस गया। उसमें टरबाइन लदी थी। टरबाइन लदे ट्रॉला को निकालने के लिए टोल कर्मियों और टरबाइन लेकर जा रहे कर्मचारियों के भी पसीने छूट गए। टोल प्लाजा के सुरक्षा अधिकारी मनिंदर विहान ने बताया कि भेल कंपनी से टरबाइन लेकर यह ट्रॉला हरिद्वार स्थित भेल कंपनी से टरबाइन लेकर गुजरात जा रहा है। इसकी देखरेख के लिए 15 आदमियों का स्टाफ है, जो वॉकी-टॉकी से लैस है। टोल प्लाजा पर बड़ी मुश्किल से ट्रॉला को निकला जा सका, जिसके चलते एक घंटे प्लाजा पर जाम लगा रहा। प्लाजा पर लगे सेंसर के खंभे की रेलिंग को हटाना पड़ा। ट्रॉला को कई बार आगे-पीछे किया गया। टोल की सेंसर और एक बूम व अन्य समान भी टूट गया। टोल पर पहुंचने पर करीब एक घंटे तक ट्रॉला को निकालने के लिए व्यवस्था बनाई गई, जिसके बाद उसे एक नंबर लेन से निकाला गया। इस बीच कंपनी को करीब चार हजार रुपये का टोल भी देना पड़ा।