खौफनाक अंत: प्रेमिका की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर प्रेमी ने दी जान, पीड़ित परिजनों ने नहीं उठने दिया शव, जमकर हंगामा
मेरठ के एक गांव में प्रेमिका की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक युवक ने जान दे दी। इससे परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस को परिजनों ने शव नहीं उठाने दिया।
विस्तार
मेरठ के गगोल गांव में बिजली मैकेनिक नितिन उर्फ कुसुमपाल गुर्जर (35 वर्ष) ने प्रेमिका की ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फांसी के फंदे पर लटककर खुदकुशी कर ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव की ही युवती 20 लाख रुपये की मांग कर रही थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पीड़ितों ने हंगामा करते हुए शव नहीं उठने दिया। आरोपी युवती की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने किसी तरह पीड़ित परिवार को समझा-बुझाकर शांत किया और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
बिजली मैकेनिक नितिन उर्फ कुसुमपाल गुर्जर ने गुरुवार को घर में पंखे पर बनाए फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। परिजनों ने किसी तरह फंदे से शव को उतारा। सैंकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। मृतक की पत्नी रिंकी का आरोप है कि गांव की ही युवती के उसके पति से अवैध संबंध बन गए थे। अब युवती उसके पति पर झूठे आरोप लगाकर 20 लाख रुपये की डिमांड कर रही थी। युवती ने धमकी दी थी कि अगर रुपये नहीं दिए तो पूरा परिवार बर्बाद कर देगी।
आत्महत्या की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने युवती की गिरफ्तारी की मांग की और बिजली मैकेनिक का शव नहीं उठाने दिया। इस दौरान पुलिस को ग्रामीणों ने खरी-खोटी सुनाई। मामला तूल पकड़ने पर इंस्पेक्टर और थाने का भी फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पीड़ित व ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत किया। तब जाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि नितिन की पत्नी रिंकी ने युवती के खिलाफ तहरीर दी है।
यह भी पढ़ें: अमर उजाला फाउंडेशन: लोगों में गजब का उत्साह, शिविरों पर उमड़ी भीड़, मेरठ में इन स्थानों पर लग रहा कैंप, तस्वीरें
छह महीने पहले मुलाकात, दर्ज हुआ था मुकदमा
पीड़ित परिवार ने बताया कि नितिन की मुलाकात छह महीने पहले युवती से हुई थी। जिसके बाद से युवती नितिन से शादी करने का दबाव बना रही थी। इस बात का नितिन की पत्नी विरोध कर रही थी। दंपती में विवाद हुआ तो वह नितिन का खाना भी जबरदस्ती खुद उसके घर पहुंचाती थी। नितिन की पत्नी ने युवती और एक युवक के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
यह भी पढ़ें: अतुल माहेश्वरी उपरिगामी सेतु: नाम पट्टिका के अनावरण की खास तस्वीरें, उपमुख्यमंत्री बोले- अमर उजाला से प्रेरणा लेकर हमने शुरू कीं कई योजनाएं
पुलिस की लापरवाही भी जिम्मेदार
परिजनों का कहना है कि कई दिन पहले हंगामा हुआ था। आरोपी युवती मृतक नितिन के घर पहुंच गई थी। यही नहीं अपने हिस्से की मांग भी की थी। परतापुर पुलिस भी गांव पहुंची थी, लेकिन युवती पर कोई कार्रवाई नहीं की। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इसी से आहत होकर नितिन ने जान दी है। परिजनों ने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद प्रकरण में पुलिस ने सख्त कार्रवाई नहीं की।