रोहटा। पूठखास गांव में स्थित जाहरवीर मंदिर के पास बीते दिनों जिला पंचायत निधि से लाखों रुपये की लागत से बनाए सीसी रोड को प्रधान ने तुड़वा दिया। सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध किया। पीड़ितों ने मामले की शिकायत थाने में की।
थाने में दी तहरीर में पूठखास गांव निवासी चमन ताेमर ने बताया कि मेरठ बड़ौत मुख्य मार्ग से जाहरवीर मंदिर के बराबर से पीड़ित के खेत तक जाने वाले रास्ते पर बीते दिनों जिला पंचायत की तरफ से 60 मीटर लंबाई के रास्ते का लाखों रुपये की लागत से सीसी निर्माण कार्य कराया गया था। इसी बीच ग्राम प्रधान महेश राणा ने पीड़ित के रास्ते पर जाने का विरोध किया था, लेकिन शनिवार की शाम को ग्राम प्रधान ने अपने साथी योगेश, भानू, रविंद्र, कुलदीप, हर्ष, जतिन और दीपक को साथ लेकर जेसीबी से सीसी रास्ते को तोड़ दिया। जब आसपास के लोगों ने विरोध किया तो आरोप है कि आरोपियों ने धमकी देकर भगा दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद