आत्महत्या: पत्नी की बीमारी में लगाई जमापूंजी, आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान ने चुनी मौत
मेरठ में आत्महत्या के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सोमवार को बहसूमा निवासी किसान ने आर्थिक तंगी के कारण मौत को गले लगा लिया। बताया गया कि किसान अपनी जमापूंजी पत्नी की बीमारी में लगा चुका था।
विस्तार
मेरठ से सटे बहसूमा थानाक्षेत्र में आर्थिक तंगी से जूझ रहे समसपुर निवासी किसान अमरपाल (52) का शव सोमवार को जंगल में आम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। अमरपाल रविवार शाम पांच बजे से लापता थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। अमरपाल काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।
समसपुर गांव निवासी किसान अमरपाल काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे। वह 10 बीघा जमीन पर खेती कर जैसे तैसे परिवार का खर्च चला रहे थे। रविवार शाम पांच बजे वह घर से निकले, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिवार वाले उनकी तलाश में जुटे थे।
यह भी पढ़ें: कातिल मामा: युवक से दोस्ती की दी खौफनाक सजा, बोला-बदनामी न होने दूंगा, हत्या कर बिटौड़े में शव जलाया
सोमवार को अमरपाल का शव उसके चाचा लखमीचंद के खेत में आम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण का पता लगेगा। अमरपाल के चार बेटे अंकुर, सागर, कृष्ण, सोनू हैं। पत्नी सुमन और चारों बेटों का रोकर बुरा हाल रहा।
वहीं, कुछ ग्रामीण यह भी आशंका जताते रहे किसी ने हत्या करके शव को पेड़ पर न लटका दिया हो। उन्होंने बताया कि अमरपाल की पत्नी सुमन कुछ दिन पहले काफी बीमार थीं। उनके इलाज में लाखों रुपये खर्च हुए थे। इन हालात से अमरपाल काफी परेशान थे।