सुम्मैया को मुरारी लाल माहेश्वरी और फहद को अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक से नवाजा
सीसीएसयू के 30वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल रामनाईक ने 51 होनहारों को स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। आईपी कॉलेज बुलंदशहर की सुम्मैया कौशर को एमकॉम परीक्षा में टॉप करने पर राज्यपाल ने स्वर्गीय मुरारी लाल माहेश्वरी स्वर्ण पदक और मास्टर इन जर्नलिज्म के टॉपर मेरठ के फहद हयात को श्री अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। स्वर्गीय मुरारी लाल माहेश्वरी अमर उजाला के संस्थापक रहे हैं और श्री अतुल माहेश्वरी नवोन्मेषक रहे हैं। प्रतिवर्ष इनके नाम पर टॉपर्स को ये दोनों स्वर्ण पदक दिए जाते हैं।
सुम्मैया कौशर ने बताया कि ये पदक उनके जीवन में बेहद महत्व रखता है। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका सुम्मैया बुलंदशहर स्याना के चौधरियान मोहल्ला की रहने वाली हैं। उनके पिता राशिद रोडवेज में क्लर्क हैं। मां रजिया हाउस वाइफ हैं। सुम्मैया की एक बहन हिना और भाई सैफ हैं। आईपी कॉलेज के कॉमर्स विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद अग्रवाल ने बताया कि उनके कॉलेज के लिए ये गौरव की बात है। इससे पहले भी एमकॉम में उनके यहां के छात्रों ने टॉप करके मुरारी लाल माहेश्वरी पदक हासिल किया है। एमजेएमसी में टॉप करके श्री अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक पाने वाले फहद हयात परीक्षितगढ़ के शौंदत गांव के रहने वाले हैं। पिता हयात अहमद मेरठ-मवाना कचहरी में वकील हैं। माता शकीला टीचर हैं। घर में चार भाई और एक बहन है। फहद ने बताया कि पत्रकारिता में श्री अतुल माहेश्वरी स्वर्ण पदक पाने पर वे बहुत बेहद उत्साहित हैं। फहद ने मेरठ कॉलेज से पढ़ाई की है।
अंशु को मिले चार स्वर्ण पदक
विवि में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए प्रायोजित स्वर्ण पदकों में एमफिल इतिहास की छात्रा अंशु को चार पदक मिले। अंशु को पूर्व शिक्षा व वित्त मंत्री स्वर्गीय कैलाश प्रकाश स्वर्ण पदक, स्वर्गीय जगदेव शांत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्ण पदक, स्वर्गीय डॉ. वाईडी गुप्ता स्वर्ण पदक एवं स्वर्गीय सुंदरलाल जैन स्वतंत्रता सेनानी स्वर्ण पदक मिला। अंशु ने बताया कि जब आप मेहनत करते हैं तो सफलता जरूर मिलती है।
आकांक्षा गुप्ता ने पाया कुलाधिपति मेडल
एमए ड्राइंग में यूनिवर्सिटी टॉप करने वाली इस्माईल कॉॅलेज की आकांक्षा गुप्ता को राज्यपाल ने कुलाधिपति मेडल देकर सम्मानित किया। 39 साल की आकांक्षा गुप्ता ने शादी के 16 साल बाद एडमिशन लेकर ये उपलब्धि हासिल की। शास्त्रीनगर के बी-5 रामापुरम में रहने वाली आकांक्षा गुप्ता के पति अजीत सिंह विश्नोई बिजनेस करते हैं। आकांक्षा के दो बच्चे हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/