Meerut: आवारा कुत्तों के झुंड ने 11 वर्षीय छात्र पर किया हमला, घायल अवस्था में पहुंचाया अस्पताल
मेरठ के कंकरखेड़ा में 11 वर्षीय छात्र पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। परिजनों ने मोहल्ले की एक महिला पर कुत्तों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार सुबह चौक मोहल्ले में 11 वर्षीय शुभम, जो डीएवी इंटर कॉलेज में छठी कक्षा का छात्र है, स्कूल जाने के लिए घर से निकला। रास्ते में मोहल्ले के एक घर के बाहर बैठे आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान कुत्तों ने शुभम को बुरी तरह नोंच दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन कुत्ते तब भी उसे छोड़ने को तैयार नहीं थे। लोगों ने डंडों से कुत्तों को खदेड़कर छात्र की जान बचाई।
यह भी पढ़ें: Independence Day: 52 सेकंड थमा शहर, मेरठ में 100 से ज्यादा स्थानों पर गूंजा सामूहिक राष्ट्रगान
गंभीर हालत में शुभम को दांतल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना के बाद परिजनों ने मोहल्ले की एक महिला पर आरोप लगाया कि वह लंबे समय से आवारा कुत्तों को संरक्षण देती है, जिसके कारण ये मोहल्ले में आतंक मचा रहे हैं। इस मामले में परिजनों ने थाने में शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह ने बताया कि शनिवार को कुत्तों को पकड़ने के लिए एक टीम को क्षेत्र में भेजा जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।