खुशखबर: मेरठ को मिलेगी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की सौगात, होगा प्रदेश का पहला विवि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेरठ ही नहीं, समूचे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की सौगात मिलने वाली है। मंडलायुक्त अनीता सी. मेश्राम ने मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। साथ ही शासन में बात करके बताया है कि मेरठ के युवा लगातार खेलों में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे में यहां स्पोर्ट यूनिवर्सिटी बनाना आवश्यक है।
खेल विभाग ने तैयार किया प्रस्ताव
आयुक्त ने खेल विभाग के क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर से यह प्रस्ताव तैयार कराया है। इसके बाद आयुक्त ने अपना अर्द्धशासकीय पत्र शासन को प्रेषित किया है। इस बाबत उनकी अपर मुख्य सचिव खेल इफ्तखारुद्दीन से वार्ता हो गई है। प्रस्ताव उन्हीं को गया है।
170 एकड़ चाहिए जमीन, यह होंगे कोर्स
इस प्रस्ताव में सबसे अहम है जमीन। इस विवि के लिए 170 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। हालांकि तत्काल तो 60 एकड़ में विवि शुरू हो सकता है, पर आगे विस्तार के लिए और जमीन की आवश्यकता होगी। प्रस्ताव में है कि यहां सामान्य कोर्स के अलावा बीपीई, एमपीई, बीपीएड, एमपीएड, डिप्लोमा इन कोचिंग, एमफिल, पीएचडी, एमबीए इन स्पोर्ट मैनेजमेंट, फिजियोथैरेपी, डिप्लोमा इन मेडिसिन आदि कोर्स शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा रिसर्च सेंटर, री-हेबिलिटेशन सेंटर, ब्लड टेस्टिंग लैब, हॉस्टल, लाइब्रेरी आदि की सुविधा होगी। शिक्षकों की तैनाती भी कोर्स के अनुसार की जाएगी।
प्रदेश का पहला विवि होगा
मेरठ में यह सूबे का पहला खेल विवि होगा। इससे पूर्व देश का पहला खेल विवि मणिपुर में शुरू किया गया है। यानी देश भर में स्पोर्ट विश्वविद्यालयों की भारी कमी है। यदि शासन ने इसे स्वीकृति दे दी, तो यह एक बड़ा कदम साबित होगा।
वेस्ट यूपी बना खेलों का हब
समूचा वेस्ट यूपी इस समय खेलों का हब बना है। निशानेबाजी, तीरंदाजी, कुश्ती, क्रिकेट, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वुशू आदि में वेस्ट यूपी के खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन किया है। मेरठ के सौरभ चौधरी, रवि कुमार, शहजर रिजवी, शार्दुल विहान ने शूटिंग में नाम कमाया है। वहीं क्रिकेट में प्रवीण कुमार, भुवनेश्वर, कर्ण शर्मा जैसे नामचीन खिलाड़ी हैं। सीमा पूनिया, अन्नू रानी, विशाखा और इससे पूर्व अलका तोमर जैसी खिलाड़ियों ने देश का झंडा विश्व भर में फहराया है। आयुक्त ने यही कहा कि मेरठ और आसपास का क्षेत्र इस समय प्रतिभावान खिलाड़ियों से भरा पड़ा है। इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए स्पोर्ट्स विवि बहुत जरूरी है।
चेतन चौहान भी कर रहे मशक्कत
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान भी बार-बार कह रहे हैं कि प्रदेश में खेल विवि बनाया जाना चाहिए। इसके लिए कई जगह संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। मेरठ के इस प्रस्ताव के बाद अब उम्मीद जगी है।
मैंने मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बनाने का प्रस्ताव शासन को प्रेषित कर दिया है। सारगर्भित प्रस्ताव बनाया गया है। इस बाबत वार्ता भी हुई है। उम्मीद है कि सरकार इस पर सकारात्मक कदम उठाएगी। - अनीता सी. मेश्राम, आयुक्त
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/