जानीखुर्द। जानी थाना क्षेत्र में बागपत बाईपास स्थित होटल से रंगदारी मांगने और फायरिंग करने के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को सपा नेता निशांत भड़ाना और आसपा नेेता दीपक भड़ाना को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनाें को जेल भेज दिया। इस मामले में सपा और आसपा नेता समेत 10 आरोपियों पर एसएसटी एक्ट, रंगदारी आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के भोला रोड पठानपुरा गांव निवासी सुमित ने जानी थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह अपने भतीजे मोंटू जाटव के साथ बागपत बाईपास पर होटल का संचालन कर रहे थे। आरोप है कि दीपक भड़ाना निवासी देदूपुर, मवाना और निशांत भड़ाना निवासी कुंडा, परतापुर उनसे हर महीने रंगदारी की मांग कर रहे थे। सुमित के अनुसार, रंगदारी का विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की धमकी दी। लगातार धमकियों से परेशान होकर 15 दिसंबर 2025 को होटल बंद करना पड़ा, इसके बावजूद धमकियां जारी रहीं। आरोप है कि 20 दिसंबर 2025 की शाम दीपक भड़ाना और निशांत भड़ाना काली सफारी कार से होटल के बाहर पहुंचे। कुछ ही देर में 8-10 हथियारबंद लोग भी वहां आ गए, जिनमें से एक ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी दिख रही थी। घटना में दीपक भड़ाना और निशांत भड़ाना सहित आठ दस अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया गया था। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों को भेज दिया है।