UP: निलंबित सीनियर IPS अफसर ने गाने के जरिए निकाली भड़ास, खूब हो रहा वायरल, चुनाव की घोषणा होते ही आया सामने
Meerut News : निलंबित आईपीएस ने गाने के जरिए सोशल मीडिया पर जमकर भड़ास निकाली है। बताया गया कि यह अधिकारी करीब पांच साल पहले निलंबित हुए हैं।
विस्तार
यूपी कॉडर के निलंबित एक सीनियर आईपीएस अफसर का गाना इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह अफसर बीते पांच साल से भी ज्यादा समय से निलंबित हैं। इस गाने को अफसर की भड़ास के तौर पर भी देखा जा रहा है। जो गाना सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है उसमें गाना भी जसवीर सिंह ने गाया है और गाने का म्यूजिक भी उन्होंने ही कंपोज किया है। गाने के बोल हैं ...देश के हालात होणे फिर ने खराब जी...। पंजाबी भाषा में गाया गया यह गाना एक मिनट 40 सेकेंड का है। यह वीडियो चुनावों की तारीखों के एलान के फौरन बाद जारी किया गया है।
जसवीर सिंह 1992 बैच के आईपीएस अफसर हैं। पांच साल पहले उन्हें 14 फरवरी 2019 को सरकार ने अखिल भारतीय पुलिस सेवा एवं आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में निलंबित कर दिया था। उन पर सरकार के खिलाफ बयान देने का भी इल्जाम है। वैसे तो जसवीर का गाना गाने और म्यूजिक कंपोज करने का शौक पुराना है लेकिन हाल ही में जारी किया यह वीडिया उनकी भड़ास के तौर पर देखा जा रहा है।
पश्चिमी यूपी के कई जिलों में रह चुकी है तैनाती
मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले जसवीर सिंह की पहली पोस्टिंग बतौर प्रशिक्षु आईपीएस एएसपी के पद पर सहारनपुर में रही है। यहां वह 1 साल पांच महीना रहे। इसके बाद पीटीसी मुरादाबाद भेजे गए जहां 2 महीने 20 दिन बाद आगे की ट्रेनिंग के लिए हैदराबाद चले गए। वहां से लौटे तो मेरठ के एएसपी बना दिए गए। वह मुजफ्फरनगर के एसएसपी भी रह चुके हैं।
यह भी पढ़ें: फ्लैशबैक: भूमि दान कर चर्चा में आए, देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंचे वीपी सिंह, मुजफ्फरनगर से खोला था मोर्चा