{"_id":"58a6d38d4f1c1bab19d84ab4","slug":"so-therefore-bjp-leaders-bordered-on-ig","type":"story","status":"publish","title_hn":"...तो इसलिए भाजपा नेताओं ने किया आईजी का घेराव ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
...तो इसलिए भाजपा नेताओं ने किया आईजी का घेराव
अमर उजाला ब्यूरो/ मेरठ
Updated Fri, 17 Feb 2017 04:19 PM IST
विज्ञापन
बीजेपी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दुष्कर्म के आरोपी ब्रह्मपुरी थाने में तैनात दरोगा की गिरफ्तारी न होने और ब्रह्मपुरी में गुटका कारोबारी के पुत्र की हत्या कर डकैती डालने वाले बदमाशों का अब तक कोई सुराग न मिलने से पीड़ितों में रोष है। शुक्रवार को भाजपाइयों ने आईजी अजय आनंद का घेराव करते हुए आरोप लगाया कि खाकी का इकबाल खाक में मिल गया है और जनता के पहरूए ही बहन-बेटियों की आबरू के दुश्मन बन गए हैं। आईजी ने दोनों मामलों में कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
महापौर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पदाधिकारी विनीत शारदा, महानगर अध्यक्ष करूणेश नंदन गर्ग और कमल ठाकुर सहित कई भाजपाई आईजी अजय आनंद से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे। भाजपाइयों ने शहर की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बेखौफ बदमाश रोज नई घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस सिवा हाथ मलने के कुछ नहीं कर पा रही। उन्होंने मलियाना की किशोरी से ब्रह्मपुरी के दरोगा संजीव डोगरा द्वारा होटल में दुष्कर्म किए जाने की घटना का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि अब बहन-बेटियों की आबरू खाकी के पहरूओं द्वारा ही रौंदी जा रही है, ऐसे में बदमाशों के खिलाफ कार्यवाही की क्या उम्मीद की जा सकती है। वहीं तमाम दावों के बावजूद दो दिन पूर्व किसी ने किशोरी का अपहरण कर लिया, लेकिन उसकी अब तक बरामदगी नहीं हुई। ब्रह्मपुरी में गुटका कारोबारी सुशील के घर बदमाशों द्वारा डकैती के दौरान की गई उनके पुत्र शौंटी की हत्या की घटना को लेकर भी उन्होंने रोष जताया।
विज्ञापन
भाजपाइयों ने आरोप लगाया कि घटना को हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत गया है, लेकिन पुलिस सिर्फ लकीर पीटने के और कुछ नहीं कर सकी। आईजी अजय आनंद ने बताया कि चुनाव के कारण पुलिस व्यस्त थी, इसके बावजूद क्राइम ब्रांच, एसटीएफ और लोकल पुलिस की टीमों को गुटका कारोबारी के घर हुई घटना के खुलासे के लिए लगाया हुआ है। उन्होंने दावा किया कि शीघ्र ही घटना को अंजाम देने वाले बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी दरोगा संजीव डोगरा की गिरफ्तारी के लिए उसके घर और रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कोर्ट से 82 और 83 के नोटिस लेकर आरोपी के घर पर तामील कराए जा रहे हैं, शीघ्र ही उसके घर की कुर्की की जाएगी। वहीं किशोरी के बरामदगी के लिए भी पुलिस टीमों को लगाया गया है। आईजी अजय आनंद ने भाजपाइयों से शीघ्र ही दोनों मामलों के निस्तारण के बात कही। वहीं भाजपाइयों ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने खुलासे में देरी की तो भाजपाई उग्र आंदोलन से भी पीछे नहीं हटेंगे।
विज्ञापन