बेहद दिलेर है शूटिंग का यह सितारा, कभी नहीं हारता हिम्मत, पढ़ें सौरभ चौधरी के सफर का हर पहलू
निशानेबाज सौरभ चौधरी की कामयाबी पर यूपी के बागपत में स्थित वीर शाहमल राइफल क्लब बिनौली पर जश्न मनाया गया। साथी निशानेबाजों ने डांस किया और मिठाई बांटी। कोच अमित श्योराण ने कहा कि सौरभ देश की निशानेबाजी का सितारा है। देश को उससे उम्मीदें हैं।
पालेम बांग में जैसे ही सौरभ चौधरी ने स्वर्ण पदक जीता जिले में खुशी मनाने का सिलसिला शुरू हो गया। वीर शाहमल राइफल क्लब बिनौली पर प्रशिक्षु खिलाड़ी एकत्र हुए। कोच अमित श्योराण के अलावा यहां साथी खिलाड़ियों के अलावा आसपास के लोगों ने खुशी मनाई। ढोल की थाप पर साथियों ने डांस किया।
साथी निशानेबाजों ने कहा कि उन्हें सौरभ से पदक की उम्मीद थी। सौरभ के इरादे चट्टान जैसे मजबूत हैं, वह बेहद दिलेर खिलाड़ी है और किसी भी वक्त हिम्मत नहीं हारता। कोच अमित श्योराण ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि सौरभ शानदार प्रदर्शन कर लौटेगा। एशियाई खेलों के स्कवायड में अनुभवी खिलाड़ी शामिल थे, जिसका पूरा लाभ सौरभ को मिला। इसमें सचिन शर्मा, दीपेंद्र सिंह, नकुल शर्मा, हिमांशु, मोनू कुमार, अनुराग कुमार, सहदेव सिंह, रोहन और विशाल शामिल रहे।
जानिए सौरभ को :
नाम - सौरभ चौधरी
पिता का नाम - जग मोहन सिंह
माता का नाम - ब्रिजेश देवी
गांव - कलीना
तहसील - सरधना, मेरठ
उम्र - 16 (जन्म तिथि 05/11/2002)
कद - पांच फीट तीन इंच
वजन - 50 किलोग्राम
यादगार लम्हा - जूनियर वर्ल्ड कप में तीन स्वर्ण पदक जीतना।
प्रशिक्षण स्थल - वीर शाहमल राइफल क्लब बिनौली,बागपत
प्रेरणा - कोच अमित श्योराण
स्पर्धा -10 मीटर एयर पिस्टल
अब वर्ल्ड चैंपियनशिप में दिखेगा हुनर
सौरभ चौधरी अब 31 अगस्त से 15 सितंबर तक कोरिया में होने जा रही वर्ल्ड चैंपियनशिप में भाग लेगा। यहां भी उससे बेहतर खेल की उम्मीद रहेगी। इसके अलावा अगले वर्ष वर्ल्ड कप भी भाग लेगा।
सौरभ की कामयाबी का सफर :-
-59वीं नेशनल चैंपियनशिप नई दिल्ली 2015 के यूथ वर्ग में स्वर्ण और जूनियर में कांस्य पदक।
-16वीं केएसएस शूटिंग चैंपियनशिप केरल -2016 के यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक।
-26वीं शूटिंग चैंपियनशिप चेक गणराज्य 2016 के जूनियर वर्ग में टीम वर्ग का कांस्य पदक।
-आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप 2016 में टीम वर्ग का रजत पदक।
-नौंवी एशियन एयर गन चैंपियनशिप तेहरान 2016 में व्यक्तिगत में रजत और टीम वर्ग में स्वर्ण पदक।
...और चलता रहा कामयाबी का सिलसिला
-27वीं शूटिंग प्रतियोगिता चेक गणराज्य 2017 के जूनियर वर्ग में व्यक्तिगत में कांस्य और टीम वर्ग में गोल्ड।
-आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप सुहल के जूनियर वर्ग में गोल्ड मेडल।
-10वीं एशियन एयरगन चैंपियनशिप 2017 के यूथ वर्ग में व्यक्तिगत और टीम वर्ग में गोल्ड।
-61वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप केरल 2017 में व्यक्तिगत जूनियर में गोल्ड और यूथ वर्ग में सिल्वर।
-केएसएस शूटिंग चैंपियनशिप नई दिल्ली-2017 के यूथ और जूनियर वर्ग में सिल्वर।
-खेलो इंडिया स्कूल गेम नई दिल्ली - 2018 के यूथ वर्ग में स्वर्ण पदक।
-जूनियर वर्ल्ड कप जर्मनी 2018 के जूनियर वर्ग की व्यक्तिगत, टीम और मिक्सड में स्वर्ण पदक।
-28वीं चैंपियनशिप चेक गणराज्य-2018 के व्यक्तिगत में स्वर्ण और टीम वर्ग में सिल्वर।